भारी बारिश से देश के कई हिस्सों में तबाही, महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी
नई दिल्ली, 10 जुलाई। भारी बारिश के बीच देश के कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। वहीं मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और तेलंगाना समेत देश के कई हिस्सों में अगामी चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश छत्तीसगढ़ के आसपास के क्षेत्रों समेत कई अन्य क्षेत्रों में भीषण बारिश जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।

तटीय इलाकों में स्थिति खराब
उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में अगामी चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। पहाड़ी और तटीय इलाकों में हालात खराब हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने से एक बड़ा हादसा हुआ तो वहीं महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बन गए हैं।
Recommended Video

जम्मू कश्मीर में बाढ़ के हालात , 17 की मौत
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बादल फटने से आई अचानक आई बाढ़ में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 44 घायल हो गए। बादल फटने के दौरान पीड़ित अमरनाथ गुफा मंदिर के पास डेरा डाले हुए थे। अचानक आई बाढ़ ने शिविर का एक हिस्सा बहा दिया। जम्मू-कश्मीर में तीन दर्जन से अधिक तीर्थयात्रियों का पता नहीं चल सका है।

गोमती और सरयू का जल स्तर बढ़ा
सरयू और गोमती समेत कई नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से बागेश्वर में बागनाथ मंदिर के पास तक नदी का पानी पहुंच चुका है। एक दिन पहले शनिवार को सरयू का जलस्तर 867.20 मीटर पहुंच गया था जबकि गोमती का जलस्तर 863.90 मीटर था। बता दें कि इन दोनों नदियों का चेतावनी स्तर 869.70 मीटर और खतरनाक स्तर 870.70 मीटर है।

इन क्षेत्रों में अगले चार दिनों में भारी बारिश की संभावना
मानसून ने पूरे भारत में दस्तक दे दी है। भारी बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग ने मध्य भारत और पश्चिमी तट पर सक्रिय मानसून की स्थिति अगले चार दिनों तक जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रविवार को बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ राज्य और इसके आसपास के इलाकों में अलगे चार दिनों में भारी बारिश के आसार हैं।

राजस्थान में बारिश
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के भीतर पूर्वी राजस्थान के झालावाड़, धौलपुर व कोटा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश झालावाड़ के खानपुर में 72 मिलीमीटर और बीकानेर शहर में 64 मिलीमीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई जगहों पर भारी बारिश के संकेत दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications