राष्ट्रपति द्रौपदी ने पहली बार किया देश को संबोधित, कहा- आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहली बार किया देश को संबोधित, कहा- आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला
नई दिल्ली, 25 जुलाई: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में संसद भवन के सेंट्रल हॉल में शपथ ले ली है। द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं और स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाली और पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने देश को पहली बार संबोधित किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''जोहार,नमस्कार, मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा-आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक इस पवित्र संसद से सभी देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं। आपकी आत्मीयता, विश्वास और आपका सहयोग, मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में मेरी बहुत बड़ी ताकत होंगे।''
Recommended Video

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''मैं देश की पहली राष्ट्रपति हूं जिसका जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ है। स्वतंत्र भारत के नागरिकों के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी।'' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''मेरे लिए बहुत संतोष की बात है कि जो सदियों से वंचित रहे, जो विकास के लाभ से दूर रहे, वे गरीब, दलित, पिछड़े तथा आदिवासी मुझ में अपना प्रतिबिंब देख रहे हैं।''
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी। और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।''
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मेरे इस निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद शामिल है, देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है। उन्होंने कहा, ऐसे ऐतिहासिक समय में जब भारत अगले 25 वर्षों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से जुटा हुआ है, मुझे ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के सेंट्रल हॉल में उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य गणमान्य लोगों को बधाई दी है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने के लिए मैं सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं। आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है।












Click it and Unblock the Notifications