कोरोना वायरस: घरेलू उड़ानों में घटाई जा सकती है यात्रियों की संख्या, 60 फीसदी क्षमता के साथ होंगी संचालित!
कोरोना: घरेलू उड़ानों में घटाई जा सकती है यात्रियों की संख्या, 60 फीसदी क्षमता के साथ होंगी संचालित!
नई दिल्ली, 17 अप्रैल: देश में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते उड़ानों में भी बदलाव किया जा सकता है। उड्डयन मंत्रालय घरेलू उडानों में यात्रियों की संख्या घटाने पर विचार कर रहा है। घरेलू उड़ानों को इस समय 80 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की इजाजत है। जिसे घटाकर 60 फीसदी किया जा सकता है। डीजीसीए और मंत्रालय के अधिकारी इसको लेकर जल्दी ही बैठक कर सकते हैं। विमानों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए इस पर विचार किया जा रहा है। डीजीसीए और मंत्रालय के अधिकारियों की मीटिंग में ही इस पर आखिरी फैसला होगा।

इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा था कि यात्रियों को फ्लाइट में खाना सर्व नहीं किया जाएगा। मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक घरेलू उड़ानें जो दो घंटे से कम रहेंगी, उसमें किसी तरह का खाना सर्व नहीं होगा। इस फैसले के पीछे कोरोना के नए स्ट्रेन का हवाला दिया गया है। वहीं पहले की ही तरह यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही एयरपोर्ट पर सभी की स्क्रीनिंग की जाएगी। इस नियम के अलावा कई राज्यों ने एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर रखी है।
देश में तेजी से बढ़े हैं कोविड संक्रमण के मामले
देश में कोरोना के लगातार दो लाख से ज्यादा नए केस आ रहे हैं। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 234,692 नए कोरोना केस आए और 1341 संक्रमितों की जान चली गई है। देश में कोरोना के कुल मामले अब 1,45,26,609 हैं। जिसमें 16,79,740 सक्रिय मामले हैं। अब तक देश में कुल 1,75,649 मौतें कोरोना से हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications