क्या राहुल गांधी ने भारत के नाम की सुपारी ली है: बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर ज़ोरदार हमला बोलते हुए सवाल उठाया है कि क्या उन्होंने भारत के नाम की सुपारी ली है?
राहुल गांधी ने अपने विदेश दौरे के दौरान बर्लिन में बोलते हुए कहा था कि विविधता में एकता का कांग्रेसी विचार गुरुनानक देव की शिक्षाओं से प्रेरित है और वहीं बीजेपी-आरएसएस लोगों को बांटने और नफ़रत फैलाने का काम करती है.
भारतीय जनता पार्टी के सचिव आरपी सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान पर उन्हें घेरते हुए कहा है, "हमें इस बात का बेहद दुख है कि राहुल गांधी जो हमें साल 1984 के सिख दंगों की याद दिलाते हैं, वह ये दावा करते हैं कि उनकी सोच गुरुनानक देव जैसी है."
सीरिया, इराक़ से तुलना: राहुल के तर्क में कितना दम?
एशियाई खेलों में आज क्या ख़ास
एशियाई खेलों में भारत अब तक 25 पदक जीत चुका है जिनमें छह स्वर्ण पदक, 5 रजत पदक और 14 कांस्य पदक शामिल हैं.
इसके बाद आज 25 अगस्त को भारत की ओर से सरिता सिंह वूमेन हैमर थ्रो और तेजिंदर पाल सिंह पुरुष शॉट-पुट के फाइनल मुक़ाबले में उतरने जा रहे हैं.
इसके साथ ही स्क्वैश में भारत की ओर से सेमीफाइनल मुक़ाबले में दीपिका पल्लिकल का मुकाबला निकोल डेविड से होगा.
वहीं, जोशना चिन्नप्पा भी सेमीफ़ाइनल जीतने के लिए सिवासंगरी सुब्रमण्यम का सामना करेंगी जोकि रैंक के लिहाज़ से उनसे पीछे हैं.
राजस्थान के टोंक ज़िले में कर्फ़्यू
राजस्थान के टोंक ज़िले के मलपुरा कस्बे में अल्पसंख्यक समुदाय और कांवड़ियों के बीच झड़प होने के बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
शुक्रवार को कांवड़ियों और अल्पसंख्यक समुदाय के बीच विवाद होने के बाद आगजनी होने की घटनाएं सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने धारा 144 को लागू किया था.
हालांकि, इसके बाद टोंक के सांसद और विधायक के नेतृत्व में कांवड़ियों पर हुए हमले के विरोध में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई.
इसके बाद पत्थरबाजी एक बार फिर शुरू हुई जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस का प्रयोग किया जिसके बाद कर्फ़्यू लगा दिया गया.
पुलिस के मुताबिक़, इस मामले में अल्पसंख्यक समुदाय के 17 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
यूएई की ओर से मदद में कोई भ्रम नहीं: केरल सीएम
केरल के सीएम पी. विजयन ने बाढ़ पीड़ितों के लिए यूएई की ओर से दिए जाने वाले पैकेज़ पर किसी तरह के भ्रम न होने की बात कही है.
उन्होंने कहा है कि यूएई की ओर से केरल सरकार को बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत पैकेज़ से जुड़ी सूचना एक एनआरआई व्यापारी यूसुफ़ अली की ओर से दी गई थी.
केरल के सीएम विजयन ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा है, "उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि यूएई के शासक ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है. अब इस बारे में केंद्र सरकार को तय करना है कि वह ये प्रस्ताव स्वीकार करती है या नहीं. मेरा विचार ये है कि हमें ये प्रस्ताव मान लेना चाहिए."
बातचीत के लिए तैयार पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने शुक्रवार को कहा है कि उनकी सरकार भारत के साथ सभी विवादित मुद्दों पर समाधान के लिए बातचीत करने के लिए तैयार है.
वे कहते हैं, "हम इस मसले को लेकर सकारात्मक हैं और आगे भी आशा करते रहेंगे लेकिन एक हाथ से ताली नहीं बजती है. भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति कोई छुपी हुई नहीं है क्योंकि शांति वार्ता स्थगित है लेकिन हमें ये देखना है कि हम इस दिशा में कैसे आगे बढ़ सकते हैं."












Click it and Unblock the Notifications