मुंबई: मरीज के साथ बलात्कार और धमकाने के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार
मुंबई। मुंबई में पुलिस ने एक मरीज के साथ दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो क्लिप बनाने और धमकी देने के आरोप में 58 वर्षीय डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 27 साल की महिला साल 2015 में डॉक्टर के संपर्क में आई थी।

उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा है, आरोपी ने मई 2015 में एक बीमारी के चलते उसे एक इंजेक्शन दिया था। जिसके बाद वह उसके क्लिनिक में बेहोश हो गई। इसके बाद डॉक्टर ने उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। अधिकारी के अनुसार, उसके घर लौटने के बाद, उसे उसके मोबाइल फोन पर एक अश्लील वीडियो क्लिप मिली, जिसे आरोपी डॉक्टर ने बनाया था।
जब पीड़िता ने आरोपी से वीडियो क्लिप के बारे में पूछा, तो उसने उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर वह उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाएगी तो वह उसे ऑनलाइन प्रसारित कर देगा। पुलिस ने बताया इसी धमकी को देते हुए डॉक्टर ने अपने क्लीनिक में कई बार महिला के साथ बलात्कार किया। बीते साल दिसंबर माह में महिला ने शादी कर ली और अपने पति के घर चली गई।
हालांकि आरोपी फिर से उसे धमकी देने लगा। वो जब भी मना करती वो वीडियो वायरल करने की धमकी देता। 3 अक्टूबर को महिला के पति को अपने फोन पर एक वीडियो क्लिप मिली। जब उसने अपनी पत्नी से इस बारे में पूछा तो उसने सारी बात बता दी। जिसके बाद पीड़िता का पति उसे पुलिस स्टेशन लाया और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। उसकी शिकायत के आधार पर शनिवार को डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 17 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications