पार्किंग स्पेस होगा तो ही खरीद सकेंगे कार, आ सकता है नया नियम
नई गाड़ी खरीदने के लिए आपको पार्किंग की जगह का सबूत देना पड़ेगा। इसके तहत कार डीलर को शपथ पत्र के रूप मे पार्किंग स्पेस की जानकारी देनी होगी।
नई दिल्ली। सड़कों पर बढ़ते वाहन और पार्किंग की समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार एक नया नियम लाने की तैयारी में है। अगर नियम लागू होता है तो फिर नई गाड़ी खरीदने के लिए आपको पार्किंग की जगह का सबूत देना पड़ेगा। इसके तहत कार डीलर को शपथ पत्र के रूप मे पार्किंग स्पेस की जानकारी देनी होगी। अगर आपके पास पार्किंग स्पेस सर्टिफिकेट नहीं होगा तो आपका रजिस्ट्रेशन भी नहीं होगा।

एक कार्यक्रम के संबोधन में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि सभी नगर निगमों, नगर परिषदों के साथ चर्चा की जा रही है। पार्किंग समस्या से निपटने को स्पष्ट नीति बनाना जरूरी है। सामुदायिक पार्किंग जैसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं। स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती देने के लिए भवन निर्माण की मंजूरी में शौचालय को अनिवार्य शर्त के रूप में जोड़ने पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन और कंस्ट्रक्शन को लेकर इन संशोधनों की दिशा में सरकार बेहद गंभीर है। वेंकैया नायडू ने कहा, इस बारे में नितिन गडकरी से चर्चा चल रही है और हम ऐसे मैकेनिज्म के इम्प्लिमेंटेशन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अगर सरकार यह कदम उठाती है तो सड़कों पर ट्रैफिक जाम और उनके संकरे होने की समस्या काफी हद तक सुलझ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications