Flight Ticket Price: त्योहारों पर घर जाना महंगा! IndiGo ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज,बिहार-UP लिए टिकट 17-20 हजार तक

Diwali-Chhath Flight Ticket Price: दशहरा, दिवाली और छठ के आसपास घर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो इस बार बजट थोड़ा और बढ़ाना पड़ सकता है। 6 अक्टूबर 2026 से इंडिगो ने घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ा दिया है। नए घरेलू बुकिंग पर दूरी के हिसाब से ₹375 से ₹1,300 तक फ्यूल चार्ज लगेगा। एयरलाइन ने यह फैसला बढ़ते एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के दाम को देखते हुए लिया है।

लेकिन कहानी सिर्फ IndiGo के नए चार्ज की नहीं है। त्योहारों के बीच पहले से ही कई रूट पर टिकट महंगे हैं। खासकर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई से बिहार, झारखंड और यूपी जाने वाले यात्रियों के लिए आखिरी समय में किराया और ऊपर जा सकता है।

Diwali-Chhath Flight Ticket Price

IndiGo ने कितना बढ़ाया चार्ज?

इंडिगो का नया फ्यूल चार्ज दूरी के हिसाब से तय होगा। यानी जितनी लंबी उड़ान, उतना ज्यादा अतिरिक्त चार्ज। 500 किलोमीटर तक की घरेलू उड़ान पर ₹375, 501 से 1,000 किलोमीटर तक ₹600, 1,001 से 1,500 किलोमीटर तक ₹900, 1,501 से 2,000 किलोमीटर तक ₹1,150 और 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की उड़ान पर ₹1,300 फ्यूल चार्ज लगेगा। यह चार्ज हर सेक्टर पर लागू है। यानी आने-जाने की टिकट में यह असर दो बार पड़ सकता है।

मसलन 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की एक तरफ की यात्रा में नया चार्ज ₹1,300 है। वापसी में भी इतना ही चार्ज लग सकता है। सिर्फ फ्यूल चार्ज के हिसाब से ही राउंड ट्रिप पर ₹2,600 का असर बन सकता है। इसके ऊपर बेस फेयर, टैक्स और दूसरे चार्ज अलग हैं।

अंतरराष्ट्रीय रूट्स की बात करें तो सार्क देशों के लिए 500 से 1,000 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट के लिए 5,500 रुपये, अफ्रीका के लिए 6,000 रुपये और यूरोप के लिए 10,000 रुपये तक सरचार्ज बढ़ा दिया गया है।

बिहार-UP जाने वालों की जेब पर कितना असर?

त्योहारी सीजन में प्रमुख मेट्रो शहरों से यूपी, बिहार और झारखंड के लिए उड़ानों का किराया आसमान छू रहा है। दिल्ली से पटना का किराया 1 और 2 नवंबर को 9 हजार रुपये है, जो 5 नवंबर को 14-15 हजार रुपये और 6-7 नवंबर को 15-16 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। छठ पूजा के दौरान (13-14 नवंबर) भी यह 13-14 हजार रुपये के आसपास बना हुआ है। दिल्ली से रांची का किराया दिवाली से ठीक पहले 16-17 हजार रुपये तक बिक रहा है।

मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद से पटना, दरभंगा, वाराणसी और रांची जाने वाली फ्लाइट्स का एक तरफ का किराया 12,000 से 18,000 रुपये तक पहुंच गया है। अगर 3 सदस्यों का परिवार दिवाली-छठ पर वापसी की टिकट बुक करता है, तो कुल बजट 90,000 रुपये से अधिक बैठ रहा है।

इक्विरस सिक्योरिटीज के एविएशन एनालिस्ट जैनम शाह ने स्थिति साफ करते हुए बताया, "त्योहारों के वक्त हमेशा मांग अधिक रहती है। लेकिन इस बार फ्यूल की बढ़ी दरों ने बेस फेयर को पहले ही ऊंचा कर दिया है। सीमित कैपेसिटी और तेज मांग के चलते लोकप्रिय रूट्स पर किराए काफी ज्यादा बढ़ गए हैं।"

नोएडा के मीडिया पेशेवर गौरव मिश्रा ने बताया,

"दिवाली और छठ पर 3 लोगों के परिवार का आना-जाना 90 हजार रुपये से ऊपर बैठ रहा है। इतने बजट में तो बंदा थाईलैंड घूम आए। मजबूरी में हमें इस बार घर जाने का प्लान रद्द करना पड़ा।"

वहीं मार्केटिंग प्रोफेशनल मोहित सिंह ने बताया,

"मैंने दो महीने पहले ही कोलकाता के लिए टिकट बुक करा ली थी, फिर भी मुझे नॉर्मल दिनों से 80 फीसदी ज्यादा किराया चुकाना पड़ा।"

वहीं बेंगलुरु में रहने वाले आईटी सेक्टर में काम करने वाले बिमल कांत सिंह का कहना है,

''दीवाली और छठ में पटना अपने घर आना-जाने का मतलब है 40 हजार रुपये एक शख्स का खर्च। सोचिए अगर आप 4-5 लोगों के परिवार के साथ ट्रैवल करते हैं तो सिर्फ किराया ही एक लाख रुपये तक का होता है। ट्रेन में टिकट में भी वेटिंग लिस्ट में विंडो ओपेन होने के पहले ही हो जाता है।''

मुंबई-बेंगलुरु से घर लौटना भी महंगा

त्योहारों में सिर्फ दिल्ली से ही लोग बिहार-UP नहीं जाते। मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में काम करने वाले लाखों लोग भी इसी दौरान घर लौटते हैं। मांग बढ़ने के साथ टिकट की कीमत बढ़ना यहां भी बड़ा फैक्टर बन जाता है।

दिल्ली-हैदराबाद के औसत किराए में पिछले साल की तुलना में 68 फीसदी, मुंबई-कोलकाता में 51 फीसदी, दिल्ली-गोवा में 39 फीसदी और मुंबई-बेंगलुरु में 37 फीसदी तक बढ़ोतरी बताई गई है। यानी इस बार समस्या सिर्फ आखिरी वक्त पर टिकट बुक करने की नहीं है। कई यात्रियों को जल्दी बुकिंग के बाद भी ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है।

सिर्फ IndiGo नहीं, पूरे बाजार पर दबाव

ATF की कीमतों में तेज उछाल एयरलाइंस की लागत बढ़ा रहा है। दिए गए आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर की शुरुआत में घरेलू ATF करीब ₹121 से बढ़कर ₹137 प्रति लीटर हो गया। यानी करीब ₹16 प्रति लीटर की बढ़ोतरी। एयरलाइन की कुल लागत में ईंधन का हिस्सा भी काफी बड़ा होता है।

इसके साथ फेस्टिव सीजन की मांग भी बढ़ रही है। दशहरा, दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ कुछ ही हफ्तों में पड़ते हैं। लाखों लोग महानगरों से अपने घरों की तरफ लौटते हैं। यही वजह है कि कुछ रूट पर सीटें कम और मांग ज्यादा होने पर किराया तेजी से ऊपर जाता है।

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में घरेलू उड़ानों की संख्या पिछले साल से करीब 5 फीसदी कम है, जबकि सीट क्षमता में गिरावट सिर्फ 1.2 फीसदी है। मतलब एयरलाइंस कुछ रूट पर कम फ्लाइट चलाकर बड़े विमान इस्तेमाल कर रही हैं। यात्रियों के लिए इसका मतलब यह है कि सीटें भले बहुत कम न हों, लेकिन चुनने के लिए फ्लाइट के विकल्प कम हो सकते हैं।

हवाई किरायों की अपर कैपिंग का क्या हुआ?

त्योहारी सीजन में एयरलाइंस की मनमानी रोकने और किरायों पर अपर लिमिट लगाने का प्रस्ताव लंबे समय से चर्चा में रहा है। सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने समय-समय पर किराए को नियंत्रित करने की बात तो की, लेकिन भारतीय एविशन मार्केट 'डायनेमिक प्राइजिंग' मॉडल पर काम करता है।

इसमें सरकार किरायों पर कोई स्थाई सीलिंग (Upper Cap) नहीं लगाती। मंत्रालय का मानना है कि किराया तय करना एयरलाइंस का काम है जो मांग और आपूर्ति के सिद्धांत पर निर्भर करता है। नतीजतन, त्योहारों के वक्त इमरजेंसी में घर जाने वाले लोगों को मजबूरन महंगे टिकट खरीदने पड़ते हैं।

7 दिसंबर हो सकता है उड़ानों के लिए सबसे व्यस्त दिन

अहमदाबाद-कोलकाता और हैदराबाद-जयपुर जैसे रूट्स पर उड़ानों की संख्या घटी है। लेकिन एयरलाइंस बड़े विमानों का इस्तेमाल कर रही हैं। ओएजी (OAG) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में फ्लाइट्स की संख्या 5 फीसदी घटी है, हालांकि सीटों की क्षमता केवल 1.2 फीसदी ही कम हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक 7 दिसंबर को देश भर में सबसे ज्यादा 5,89,386 सीटें शेड्यूल्ड हैं। इस दिन भारी भीड़ के चलते किराया बेहद ज्यादा रहने के आसार हैं।

पिछले साल के मुकाबले दिल्ली-हैदराबाद का किराया 68 फीसदी, मुंबई-कोलकाता 51 फीसदी, दिल्ली-गोवा 39 फीसदी और मुंबई-बेंगलुरु का किराया 37 फीसदी तक बढ़ चुका है। यात्रा डॉट कॉम का अनुमान है कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएंगे, किरायों में 15 से 20 फीसदी की और बढ़ोतरी हो सकती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+