बेटे की शादी पर बोले कुमारस्वामी- DM ने दी थी इजाजत, मास्क पहनना अनिवार्य नहीं
नई दिल्ली: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को लॉकडाउन के बीच अपने बेटे की शादी की। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ीं। साथ ही कुमारस्वामी विरोधी दलों के निशाने पर भी आ गए। अब मामले में कुमारस्वामी ने अपने परिवार का बचाव किया है। साथ ही बीजेपी पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कुमारस्वामी के बेटे निखिल की शादी कांग्रेस के पूर्व मंत्री एम. कृष्णप्पा की भतीजी रेवती से हुई है।

इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में कुमारस्वामी ने कहा कि कोरोना संकट के इस दौर में हुई शादी के दौरान उनकी ओर से सभी सावधानियां बरती गईं। मैं कर्नाटक के डिप्टी सीएम को चैलेंच करते हुए कहता हूं कि अगर कोई भी गड़बड़ी हुई हो तो उस पर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने शादी समारोह की अनुमति दी थी। साथ ही समारोह में जितने भी वाहन शामिल हुए, सभी का पास था। वहीं मास्क नहीं पहनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि WHO ने ऐसी कोई एडवाइजरी नहीं जारी की है, जिसमें सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य हो।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में सिर्फ खास रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। वहीं बीएस येदियुरप्पा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर जो नियमों की धज्जियां उड़ी थी और हजारों लोग इकट्ठा हुए थे, उसके लिए कौन जिम्मेदार था। उनके यहां शादी समारोह में सिर्फ करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। वहीं मीडिया रिपोर्ट पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ चैनल लॉकडाउन के नियमों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की गिरफ्तार की मांग कर रहे हैं, इन सब खबरों से उन्हें दुख पहुंचा है।

ट्वीट कर लोगों का किया धन्यवाद
वहीं शादी समारोह के बाद कुमारस्वामी ने ट्वीट कर शुभकामनाओं के लिए समर्थकों का शुक्रिया अदा किया। वहीं एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि ये मुश्किल दौर खत्म होने के बाद सब साथ बैठकर खाना खाएंगे। वहीं शादी की तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर भड़क गए। लोगों का कहना है कि सरकार सिर्फ गरीबों पर ही कार्रवाई कर सकती है। बड़े लोगों को नियम तोड़ने की छूट है।












Click it and Unblock the Notifications