Disha Salian मामले में नारायण राणे और नितेश राणे पर FIR,जानिए क्या है आरोप
मुंबई, 27 फरवरी: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे के खिलाफ दिशा सालियान की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह एफआईआर दिशा के माता-पिता की शिकायत के आधार पर की गई है। दिशा सालियान बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व-मैनेजर थी, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। दरअसल, नारायण राणे ने आरोप लगाया था कि दिशा सालियान की गैंगरेप करने के बाद हत्या कर दी गई थी। जबकि, उसके माता-पिता इस आरोप को खारिज कर रहे थे और उनका दावा था कि उसने खुदकुशी कर ली। ऑटोप्सी में भी आत्महत्या की बात की ओर ही इशारा किया गया था।

पिता-पुत्र के खिलाफ दिशा मामले में एफआईआर
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके बेटे बीजेपी विधायक नितेश राणे के खिलाफ राज्य महिला आयोग की रिपोर्ट के बाद मालवणी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस में नारायण राणे ने अपने पुराने आरोप दोहराए थे कि दिशा के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ था और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी। गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के बाद महराष्ट्र में यह बहुत बड़ा राजनीतिक विवाद का कारण बन गया था।
Recommended Video

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कार्रवाई करने को कहा था
गौतलब है कि दिशा के माता-पिता की दलील थी कि उनकी बेटी काम की वजह से दबाव में थी और उसने खुदकुशी कर ली थी। लेकिन, राजनीतिक वजहों से उनकी बेटी को बदनाम नहीं किया जाए। दिशा के माता-पिता की इस शिकायत के बाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने कहा था कि 'केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा था कि दिवंगत दिशा सालिया की रेप के बाद हत्या की गई थी। ऑटोप्सी रिपोर्ट के मुताबिक उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ था और वह गर्भवती भी नहीं थी।' महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा था कि दिशा के माता-पिता को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, विधायक नितेश राणे और दिशा की मौत के बार में गलत और मानहानि वाली गलत जानकारी देने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

दिशा के माता-पिता ने राजनीति बंद करने की लगाई थी गुहार
यही नहीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने ट्विटर के जरिए कहा कि 'सालियान की मौत के केस में सोशल मीडिया पर खुले लाखों फर्जी अकांट को भी बंद करना चाहिए और उसके बारे में दी गई गलत जानकारी को फौरन हटाया जाना चाहिए।' उन्होंने यह भी कहा था कि सालियान के माता-पिता की शिकायत के बाद उनकी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। गौरतलब है कि अपनी बेटी की मौत को लेकर राजनेताओं की ओर से किए गए दावों पर हाल ही में दिशा के पिता सतीश सालिया और मां वासंती सालियान ने कहा था कि 'प्लीज हमें बख्श दीजिए.....हम अपनी बेटी की त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। इसे बेमतलब हवा दीजिए और इसपर राजनीति मत कीजिए.....अगर ये सब बंद नहीं होता है तो हम कोई कठोर कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगे। इसके लिए सिर्फ राजनेता ही जिम्मेदार होंगे।'

दिशा सालियान के साथ क्या हुआ था?
गौरतलब है कि 28 साल की दिशा सालियान ने 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची इमारत से कथित तौर पर छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इसके 6 दिन बाद ही बॉलीवुड के अभिनेता 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत की लाश कथित तौर पर बांद्रा स्थित उनके किराए के अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में लटकी हुई मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications