एक्टर अमित मिस्त्री को याद कर भावुक हुए 'जेठालाल', Photo शेयर कर दोस्त के लिए लिखी भावुक पोस्ट
मुंबई, 24 अप्रैल। कोरोना काल में बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से एक के बाद एक बुरी खबरें सामने आ रही हैं। बीते शुक्रवार मशहूर एक्टर अमित मिस्त्री के निधन के बाद से ही इंडस्ट्री में मातम छाया हुआ है। टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाल यानी एक्टर दिलीप जोशी और अमित मिस्त्री में गहरी दोस्ती थी। एक्टर के निधन के बाद से दिलीप जोशी शोक में डुबे हुए हैं, हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर मरहूम अमित मिस्त्री के लिए भावुक पोस्ट लिखा।

इस शो में साथ कर चुके हैं काम
कई बॉलीवुड फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुके अमित मिस्त्री का निधन शुक्रवार (24 अप्रैल) को कार्डियक अरेस्ट हुआ। उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। टीवी शो 'शुभ मंगल सावधान' में अमित मिस्त्री संग स्क्रीन शेयर कर चुके दिलीप जोशी अपने दोस्त को खोने का गम नहीं भूल पा रहे हैं। इस टीवी शो में एक्टर सुमीत राघवन भी दोनों कलाकार के साथ मेन रोल में थे।

दिलीप जोशी ने लिखी भावुक पोस्ट
अमित मिस्त्री के जाने से सुमीत राघवन भी काफी दुखी हैं। 'शुभ मंगल सावधान' के शूट की कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए एक्टर दिलीप जोशी ने अमित मिस्त्री को भावुक श्रद्धांजलि दी। दिलीप ने लिखा, 'हमारी तिकड़ी आज टूट गई है। लेकिन यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। मैं शब्दों में नहीं बता सकता कि मैं अमित और उनके साथ काम किए पलों को कितना मिस करने वाला हूं। वह बहुत अच्छे इंसान थे, उनके साथ काम करने में मजा आता था।

'कभी नहीं सोचा था ऐसा कुछ लिखूंगा'
दिलीप जोशी ने आगे लिखा, 'कभी नहीं सोचा था कि मैं उनके लिए ऐसा कुछ लिखूंगा। उनकी आत्मा को सद्गति प्राप्त हो और भगवान हमें इतनी बड़ी हानि का सामना करने की शक्ति दे।' आपको बता दें कि अमित अपने अंधेरी (पश्चिम) के जुहू गल्ली में स्थित घर में थे। शुक्रवार सुबह सब कुछ सही था, लेकिन करीब 9.30 से 10 के बीच उनकी तबीयत बिगड़ी। इस पर उनके घर वाले उनको अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।

गुजराती रंगमंच से की करियर की शुरुआत
डॉक्टरों ने उनकी मौत की वजह को कॉर्डियक अरेस्ट बताया है। करीबियों के मुताबिक अमित के साथ मुंबई में उनकी मां रहती थीं, जिनकी उम्र काफी ज्यादा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत गुजराती रंगमंच से की, लेकिन बहुत ही कम वक्त में बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बना ली। वो 'क्या कहना', 'एक चालीस की लास्ट लोकल', '99', 'शोर इन द सिटी', 'यमला पगला दीवाना', 'जेंटलमैन' जैसी कई फिल्मों में नजर आए थे। हाल ही में उन्होंने 'बैंडिट बंदिश' नाम की वेब सीरीज में भी काम किया था।
यह भी पढ़ें: तारक मेहता का उल्टा चश्मा: फैंस के लिए खुशखबरी, जल्द हो रही दयाबेन की वापसी












Click it and Unblock the Notifications