कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में दिग्विजय सिंह की एंट्री, 30 को कर सकते हैं नामांकन
नई दिल्ली, 28 सितंबर: राजस्थान में रविवार हुए सियासी ड्रामे के बाद अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के रेस से लगभग आउट माने जा रहे हैं। अब कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में कई नए चेहरों की एंट्री हुई है। इसमें सबसे दिलचस्प नाम मध्य प्रदेश के पूर्व मु्ख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक,दिग्विजय सिंह आज रात दिल्ली लौटेंगे और संभवत: 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

इंडिया टुडे के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने कहा,मैं नामांकन दाखिल करने पर गंभीरता से विचार कर रहा हूं, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं लिया है। मैं आज रात दिल्ली पहुंचूंगा और अंतिम निर्णय लूंगा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह गुरुवार सुबह वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह इस समय राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में केरल के मल्लपुरम में हैं। आज शाम वह दिल्ली पहुंच रहे हैं।
राजस्थान कांग्रेस में बगावत के बाद अशोक गहलोत की कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ पर सवालिया निशान लगने के बाद दिग्विजय सिंह, केसी वेणुगोपाल और मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम सबसे आगे चल रहे है। तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी 17 अक्टूबर को होने वाले AICC के अध्यक्ष चुनाव की दौड़ में हैं। इसके अलावा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने भी दो नामाकंन फॉर्म खरीदे हैं।
वहीं दूसरी ओर कमलनाथ ने बुधवार को दिग्विजय सिंह के अध्यक्ष बनने के सवाल पर कहा कि, ये उनसे ही पूछिए। राहुल गांधी से एक महीने पहले बात की थी। उनसे कहा था कि आप लीडर बनिए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। शशि थरूर ने मुझसे बात की थी। थरूर ने कहा था कि वे इसलिए पर्चा भरेंगे, क्योंकि चुनाव हो। ऐसा न लगे कि चुनाव नहीं हो रहे।
वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर ने अपने ट्वीट में प्रसिद्ध उर्दू कवि मजरूह सुल्तानपुरी की 'शेर' को ट्वीट किया। उन्होंने लिखा "मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंज़िल की ओर, लोग साथ गए और कारवां बनता गया।" राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शशि थरूर अपने ट्वीट के जरिए अध्यक्ष पद की रेस में अपने बढ़ते समर्थन को दिखाना चाह रहे है।












Click it and Unblock the Notifications