5 राज्यों में चुनाव परिणाम से पहले भाजपा के लिए खुशखबरी, धुले नगर निगम चुनाव में 74 में से 50 सीटों पर कब्जा
नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम आने से पहले भारतीय जनता पार्टी के लिए महाराष्ट्र से बड़ी खबर आ रही है। महाराष्ट्र के अहमदनगर और धुले नगर निगम के लिए हुए चुनावों के लिए वोटों की गिनती हुई जहां, बीजेपी ने धुले में बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी ने यहां कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को पछाड़ते हुए 50 सीटों पर जीत हासिल कर धुले नगर निगम पर कब्जा जमाया।

धुले में बीजेपी ने बेहतर प्रदर्शन किया। जबकि अहमदनगर में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन आगे रहीं। अहमदनगर में 67 फीसदी और धुले में 60 फीसदी मतदान हुआ था। धुले में 4.46 लाख वोटर हैं जबकि अहमदनगर में 3.46 लाख वोटर हैं। धुले में बीजेपी ने 50 सीटों पर कब्जा जमाकर एनसीपी से नगर निगम छीन लिया। वहीं, कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के खाते में 14 सीटें आईं। शिवसेना, AIMIM, समाजवादी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2-2 सीटों पर जीत दर्ज की। एक सीट पर बसपा ने जीत हासिल की।
वहीं, कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन ने अहमदनगर नगर निगम 25 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी के खाते में यहां 14 सीटें गईं, 22 सीटों पर शिवसेना ने जीत हासिल की। अन्य के खाते में 5 सीटें जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2 सीटों पर कब्जा जमाया। हालांकि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन अहमद नगर में बहुमत के आंकड़े को पार नहीं कर सका। 2013 के चुनाव में धुले नगर पालिका में बीजेपी को केवल 3 जबकि अहमदनगर में केवल 9 सीटों पर जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications