'BJP साउथ इंडिया के बारे में क्या सोचती है ये दिख रहा है', धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर अब कांग्रेस का पलटवार
Dharmendra Pradhan News: : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार (10 मार्च) को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के 'बेईमान' वाले बयान पर पलटवार किया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने राज्य सरकार को पीएम स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम एसएचआरआई) योजना को लागू करने के मुद्दे पर 'बेईमान' और छात्रों का भविष्य 'बर्बाद' करने वाला करार दिया था।
एमके स्टालिन ने एक्स पर तमिल में कड़े शब्दों में लिखे एक पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान के 'अहंकार' की निंदा की और कहा कि वह एक 'घमंडी राजा' की तरह बोल रहे हैं और जिसने तमिलनाडु के लोगों का 'अनादर' किया है, उसे 'अनुशासित' किए जाने की जरूरत है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी धर्मेंद्र प्रधान के बयान की आलोचना की है।

कांग्रेस सांसद बोले- इससे पता चलता है कि भाजपा साउथ इंडिया के बारे में क्या सोचती है
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा NEP को लेकर DMK पर हमला करने पर कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने कहा, "आज किसी सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने तमिलनाडु राज्य पर बहुत ही असंसदीय टिप्पणी की, उन्होंने कहा कि तमिल लोग असभ्य हैं, यह शब्द दिखाता है कि भाजपा सरकार दक्षिण भारत के बारे में क्या सोच रही है। यह बहुत निंदनीय है, हम सभी ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है, हम दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु के सभी लोगों के लिए समान सम्मान चाहते हैं। वे शिक्षा पर न्याय की मांग कर रहे थे, जवाब देने के बजाय उन्होंने यह कहा। तमिल सबसे संपूर्ण भाषा है, अन्य देशों में भी इसका पालन किया जाता है, सभ्यता के लिहाज से तमिलनाडु भारत के किसी भी राज्य से पीछे नहीं है।"
एमके स्टालिन बोले- 'राजा समझने वाले धर्मेंद्र प्रधान को जुबान पर कंट्रोल रखना चाहिए'
एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखा, "केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जो खुद को राजा समझते हैं, अहंकार से बोलते हैं, उन्हें अपनी जुबान पर रखना चाहिए।"
एमके स्टालिन ने स्पष्ट रूप से कहा कि तमिलनाडु सरकार केंद्र की पीएम श्री योजना को लागू करने के लिए आगे नहीं आई और जब ऐसा है, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई भी उन्हें आगे नहीं मना सकता। सीएम एमके स्टालिन ने कहा, "बस जवाब दें कि क्या आप वह फंड जारी कर सकते हैं या नहीं, जो हमसे एकत्र किया गया था और जो तमिलनाडु के छात्रों के लिए है।"












Click it and Unblock the Notifications