Dharavi Model: आदित्य ठाकरे बोले- RSS नहीं, बीजेपी के ट्रोल करते हैं क्रेडिट के लिए काम
मुंबई। महाराष्ट्र में फैले कोरोना वायरस के बीच एशिया की सबसे बड़ी स्लम धारावी से राहत की खबर सामने आ रही है। यहां कोरोना वायरस के नए मामलों पर लगाम लगी है जिसकी तारीफ खुद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने की है। धारावी में किए गए स्वैच्छिक कार्यों को लेकर अब महाराष्ट्र सरकार और विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी में तना-तनी का महौल है। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री आदित्य ठाकरे ने मीडिया को दिए एक बयान में बीजेपी की आलोचना की है। उन्होंने कहा, मिशन धारावी में सबसे सराहनीय कार्य बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और अन्य सभी गैर-सरकारी संगठन कर रहे हैं।

बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से लड़ाई में धारावी की सफलता का श्रेय लेने के लिए राज्य में जारी नए विवाद पर आदित्य ठाकरे का यह बयान आया है। न्यूज 18 से बात करते हुए उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता की आरएसएस क्रेडिट लेने के लिए काम करता है, यह बीजेपी के ट्रोलर्स हैं जो ऐसा कर रहे हैं। आदित्य ने आगे कहा कि यहां बीजेपी को यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि वह धारावी मिशन की सफलता का श्रेय लेना चाहते हैं या वह सरकार की विफलता के बारे में बताना चाहते हैं।
आदित्य ठाकरे कहते हैं कि वह किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, एक इंसान द्वारा दूसरे इंसान की सेवा करना अच्छी बात है। आदित्य ने कहा, वह इस बहस में नहीं शामिल होना चाहते कि वह इंसान किस संगठन से जुड़ा हुआ है, कोरोना संकट में जो भी मानवता का कार्य कर रहा है वह नेक काम कर रहा है। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के 6741 नए मामले सामने आए हैं और 213 लोग ठीक हुए है। राज्य में कुल केस 2,67,665 हुए, अब तक 10,695 लोगों की मौत हुई है।
भारत की बात करें तो पूरे देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों की बात करें तो भारत में अब तक 9,68,876 लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, तो वहीं कोरोना के कारण अब तक 24,915 लोगों की जान जा चुकी है। देश में अब सक्रिय मामलों की संख्या 3,31,146 है और इस बीमारी को मात देकर स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या 6,12,815 है, बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 32,695 नए मामले सामने आए हैं और 606 मौतें रिपोर्ट की गई हैं।
यह भी पढ़ें: CM योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात पीएसी के दो सुरक्षाकर्मी कोरोना संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप












Click it and Unblock the Notifications