'रहने की जगह दो,या जहर दो',धनबाद के छाताबाद में कोयला खदान निगल गई 55 आशियाने,आंखों में आंसू-दिल में गुस्सा!

Dhanbad Chhatabad land subsidence: रसोई की शेल्फ पर रखे आधे ढके बर्तन, बेडरूम में सजा हुआ धूल खा रहा फूलदान और दीवारों पर लटकी पारिवारिक तस्वीरें... यह दृश्य किसी डरावनी फिल्म का नहीं, बल्कि धनबाद के कतरास थाना के तहत छाताबाद इलाके का है। छाताबाद इलाका इन दिनों सिर्फ जमीन नहीं, लोगों की पूरी जिंदगी के धंसने की कहानी कह रहा है। एक सितंबर से 24 सितंबर तक यहां करीब छह से सात बार जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कहीं मकान जमींदोज हो गया, कहीं दीवारों में लंबी दरारें पड़ गईं तो कहीं सड़क ही जमीन के अंदर बैठ गई।

मैं जब ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए छाताबाद के इस कोयला खनन प्रभावित इलाके में ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए पहुंची, तो मंजर देखकर रूह कांप गई। 1 सितंबर से 24 सितंबर के बीच यहाँ छह से सात बार ज़मीन धंसने की भीषण घटनाएं हो चुकी हैं। देखते ही देखते 55 से ज्यादा घर जमींदोज हो गए या उनमें इतनी बड़ी दरारें आ गईं कि वे रहने लायक नहीं बचे। जहां कुछ दिन पहले तक हंसी-खुशी परिवार बसते थे, आज वहाँ सिर्फ चीखें, बिखरा हुआ मलबा और खौफनाक सन्नाटा पसरा हुआ है।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

'घर बचा न सामान, हम अब कहाँ जाएं?

ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान मैंने लगभग 50 से 55 ऐसे घर देखे जो पूरी तरह टूट चुके थे। सड़कें और जमीन कई फीट नीचे धंस चुकी थीं। लोग अपने ही घरों को अचानक खाली करके भागने पर मजबूर हो गए। ऐसा लग रहा था मानो कुछ दिन पहले तक यहां जिंदगी सांसें ले रही थी, लेकिन आज सब कुछ उजड़ चुका है।

इलाके के कई परिवार अब अपने ही पुश्तैनी घरों को छोड़कर दूसरों के मकानों में किराए पर या फिर खुले आसमान के नीचे रात काटने को मजबूर हैं। दिन में कुछ लोग अपने दरार पड़े खतरनाक घरों में आते हैं, खाना बनाते हैं और जैसे ही सूरज ढलता है, खौफ के मारे किसी सुरक्षित जगह की ओर भाग खड़े होते हैं।

एक स्थानीय बुजुर्ग महिला ने बिलखते हुए बताया,

"मेरे बाप-दादा के जमाने से यह घर है। रजिस्ट्री जमीन के पूरे कागजात हमारे पास हैं। लेकिन आज हमारे ही घर में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। जान बचाने के लिए किराए के कमरे में जाना पड़ा। कोई अधिकारी या सरकार हमसे बात करने तक नहीं आ रहा।"

'प्रशासन जहर दे दे, हम सुकून से मर जाएंगे'

हादसे के बाद छाताबाद के लगभग 500 प्रभावित लोगों में बीसीसीएल (BCCL) और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ ज़बरदस्त गुस्सा है। लोगों का साफ कहना है कि प्रशासन यह बहाना बनाकर पल्ला झाड़ लेता है कि घर अवैध ज़मीन पर बने थे। लेकिन सच्चाई यह है कि कई लोगों के पास अपनी खरीदी हुई रजिस्ट्री ज़मीन के पुख्ता कागजात हैं।

बेबसी और गुस्से की हद यह है कि एक स्थानीय नागरिक ने कैमरे पर फफकते हुए कहा,

"हम लोगों को जहर दे दीजिए, हम लोग सुकून से मर जाएंगे!या फिर हमें मुआवजा दे दीजिए ताकि हम कहीं और जाकर रह सकें। हमारी पूरी पूंजी और बच्चों की पढ़ाई बर्बाद हो गई। अगर प्रशासन कुछ नहीं कर सकता तो हमें मर जाने दे।"

Dhanbad Chhatabad land subsidence

जहां चूल्हा जलता था, वहां अब सन्नाटा है!

टूटे हुए घरों के अंदर जाना अपने आप में एक अलग अनुभव था। कुछ घरों में रसोई के बर्तन वैसे ही रखे थे। कुछ कमरों में बिस्तर पड़े थे। कहीं फूलदान और गुलदस्ता उसी जगह था, जहां परिवार उसे छोड़कर गया था। देखकर ऐसा लगता था जैसे चार-पांच या दस दिन पहले तक यहां जिंदगी चल रही थी और अचानक सब कुछ रोककर लोग निकल गए।

कई घरों के दरवाजे खुले थे। सामान बिखरा था। लेकिन लोग नहीं थे। वजह साफ थी। जिस जमीन पर घर खड़ा है, वही जमीन अब भरोसे लायक नहीं बची। कुछ परिवार ऐसे भी मिले जिनके घर में दरार आ चुकी है। दिन में वे वहीं रहते हैं। खाना बनाते हैं। अपना काम निपटाते हैं। लेकिन रात होते ही किसी दूसरे घर या किराए के कमरे में सोने चले जाते हैं। अपना घर सामने है, लेकिन उसमें रात गुजारने का साहस नहीं है।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

इस इलाके में सिर्फ निजी मकान ही प्रभावित नहीं हुए। आम लोगों के कार्यक्रमों के लिए बना सामुदायिक भवन भी जमीन धंसने से टूट गया। आसपास की सड़कों पर दरारें दिखाई दे रही हैं। कई जगह जमीन बैठ चुकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस घटना से करीब 500 लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ मकान पूरी तरह जमीन में समा गए।

कुछ दो मंजिला मकान भी धंस गए। कई परिवार अपना सामान निकालकर सुरक्षित जगहों की तलाश में निकल गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ परिवारों को पहले भी अस्थायी तौर पर सामुदायिक भवन में रखा गया था। अब वही भवन भी सुरक्षित नहीं रहा।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

'मेरा घर रजिस्ट्री की जमीन पर था, फिर भी दरार आ गई'

छाताबाद में एक बड़ा सवाल जमीन की वैधता को लेकर भी उठ रहा है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की तरफ से बार-बार कहा जाता है कि धंसे हुए कई मकान अवैध जमीन पर बने थे। लेकिन प्रभावित परिवारों में ऐसे लोग भी हैं, जिनका दावा है कि उनके पास रजिस्ट्री की जमीन और उसके कागजात मौजूद हैं।

एक महिला ने बताया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से यहां रह रहा है। उन्होंने कहा,

"हम दस साल से ज्यादा समय से यहां रह रहे हैं। मेरे दादा और परदादा ने जमीन खरीदी थी। मेरे पास पूरे कागज हैं। फिर भी घर में दरार आ गई। डर के कारण हमने घर खाली कर दिया। हमसे कोई अधिकारी बात करने नहीं आ रहा।"

यानी सवाल सिर्फ उन घरों का नहीं है, जिनकी जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। सवाल उन परिवारों का भी है, जिन्होंने जमीन खरीदकर अपना घर बनाया और अब उसी घर में रहने से डर रहे हैं।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

'पहले खदान दूर थी, अब 200 मीटर पर आ गई'

ग्राउंड पर स्थानीय लोगों से बात करने पर एक और बात सामने आई। उनका कहना है कि पहले खनन क्षेत्र उनके घरों से काफी दूर था। एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि कभी खदान करीब दो किलोमीटर दूर थी। अब खनन का क्षेत्र उनके घरों से करीब 200 मीटर तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा,

"खनन के वक्त ऐसा लगता है जैसे भूकंप आ गया हो। जमीन हिलती है और छत तक कांपने लगती है। पहले खदान बहुत दूर थी। अब हमारे घर के पास आ गई है। घर में दरार आने के बाद हम किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।"

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में घर में रहना सबसे ज्यादा डरावना है। जमीन धंसने के बाद लोग किसी भी वक्त बड़े हादसे की आशंका में घर छोड़ देते हैं।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

BCCL से पुनर्वास और भराई की मांग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी BCCL के साथ बातचीत और समझौते हुए थे। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें पुनर्वास, जमीन का सर्वे और धंसे इलाके में भराई का भरोसा दिया गया था। लेकिन उनके मुताबिक अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला।

स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि करीब 500 लोग प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि लंबे आंदोलन के बाद BCCL प्रबंधन ने पुनर्वास और प्रभावित क्षेत्र के सर्वे के साथ भराई का भरोसा दिया था, लेकिन जमीन पर काम नहीं दिख रहा है।

Dhanbad Chhatabad land subsidence

हालात का जायजा लेने पहुंचे बाघमारा के सीओ गिरजानंद किस्कु ने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने और बीसीसीएल के साथ बैठक कर समाधान निकालने का वही पुराना आश्वासन दिया है। लेकिन सवाल यह उठता है कि कब तक कागजी बैठकों के नाम पर छाताबाद के गरीब और बेबस लोगों के आशियानों की बलि चढ़ती रहेगी?

छाताबाद के लोग आज सिर्फ दो ही चीजें मांग रहे हैं-उचित मुआवजा और आजीविका के साधनों के साथ सुरक्षित पुनर्वास। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो धनबाद की यह धंसती जमीन किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+