DGCA ने स्पाइसजेट के 90 पायलट पर बोइंग मैक्स उड़ाने पर लगाया प्रतिबंध
नई दिल्ली, 13 अप्रैल। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने स्पाइसजेट के 90 पायलट्स को बोईंग 737 मैक्स उड़ाने के लिए अयोग्य करार दिया है। डीजीसीए ने इन पायलट्स पर बोइंग 737 को उड़ाने से प्रतिबंधित कर दिया है। इन पायलट्स को अगले राउंड की ट्रेनिंग पूरा करने तक बोइंग 737 को उड़ाने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। डीजीसीए के चीफ अरुण कुमार ने कहा कि फिलहाल के लिए हमने इन पायलट्स को मैक्स की उड़ान से प्रतिबंधित कर दिया है, इन लोगों को अब विमान को उड़ाने की ट्रेनिंग को सफलतापूर्वक पूरा करना होगा। यही नहीं डीजीसीए चीफ ने कहा कि अगर इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आई तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे।
Recommended Video

बता दें कि 13 मार्च 2019 को डीजीसीए ने बोइंग 737 मैक्स विमान की उड़ान पर रोक लगा दी थी। दरअसल यूथोपिया एयरलाइंस 737 मैक्स का विमान एडिस अबाबा के पास क्रैश हो गया था, जिसमे 157 लोगों की मौत हो गई थी। इस विमान में चार भारतीय नागरिक भी सवार थे। इस हादसे के बाद डीजीसीए ने भारत में बोइंग 737 मैक्स की उड़ान पर रोक लगा दी थी। पिछले साल अगस्त माह में इन विमानों से प्रतिबंध को हटा लिया गया था, लेकिन इसके लिए डीजीसीए ने शर्त रखी थी कि पायलट्स को इसकी ट्रेनिंग की दी जाएगी।
वहीं स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि डीजीसी ने 90 पायलट्स को मैक्स विमान उड़ाने से प्रतिबंधित किया है। स्पाइसजेट के पास 650 पायलट्स हैं जो बोइंग 737 विमान को उड़ा सकते हैं उन्हें इसकी ट्रेनिंग हासिल है। डीजीसीए ने 90 पायलट्स की ट्रेनिंग प्रोफाइल को देखा और उन्हें प्रतिबंधित किया है, हमने भी डीजीसीए के फैसले के बाद इन पायलट्स को उड़ान भरने से रोक दिया है, इन लोगों को फिर से ट्रेनिंग दी जाएगी और डीजीसीए की संतुष्टि के बाद ही मैक्स को उड़ाने की अनुमति प्रदान की जाएगी। इस प्रतिबंध से हमारी उड़ान सेवा पर कोई असर नहीं होगा। स्पाइसजेट फिलहाल 11 मैक्स एयरक्राफ्ट की सेवा मुहैया करा रहा है, जिसमे 144 पायलट्स की जरूरत है। 650 ट्रेन पायलट्स में से 560 अभी भी विमान उड़ाने के लिए उपलब्ध हैं, जोकि मौजूदा जरूरत के हिसाब से कहीं अधिक है। बता दें कि स्पाइसजेट एकमात्र विमान कंपनी है भारत में जिसके पास मैक्स विमान हैं।












Click it and Unblock the Notifications