गवाह का दावा: डीजी वंजारा के इशारे पर सोहराबुद्दीन शेख ने की थी गुजरात के पूर्व गृहमंत्री हरेन पांड्या की हत्या
नई दिल्ली। सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ कांड के एक गवाह ने शनिवार को मुंबई की एक निचली अदालत के सामने गुजरात के पूर्व गृहमंत्री हरेन पांड्या की हत्या के बारे में अहम खुलासा किया है। इस मामले के गवाह ने अदालत को बताया कि गुजरात के तत्कालीन IPS अधिकारी डीजी वंजारा ने राज्य के पूर्व गृह मंत्री हरेन पांड्या की हत्या के कथित आदेश दिए थे। गवाह ने कोर्ट को बताया कि उसकी 2002 में सोहराबुद्दीन से मुलाकात हुई थी।

इस मुलाकात के बाद सोहराबुद्दीन के साथ उसकी दोस्ती बढ़ती गई। बाद में सोहराबुद्दीन की पत्नी कौसर बी और उसके सहयोगी तुलसी प्रजापति से भी उसकी दोस्ती हो गई। इसी दौरान शेख ने उसे बताया था कि उसे डीजी वंजारा ने गुजरात के गृह मंत्री हरेन पांड्या की हत्या करने के लिए पैसे दिए थे और उसने ये काम कर दिया है। गवाह का कहना है कि उसने तब शेख से कहा था कि उसने गलत किया है और एक अच्छे आदमी की हत्या कर दी है।
गवाह ने आगे बताया कि 2005 में उसे एक मामले में राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया था, तब उदयपुर जेल में उसकी मुलाकात फिर से तुलसी प्रजापति से हुई थी। तुलसी ने उसे बताया था कि गुजरात पुलिस ने सोहराबुद्दीन और उसकी पत्नी को मार दिया है। इस गवाह की गवाही अगले सप्ताह भी जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications