इस्तीफे के बाद बोले फडणवीस- हम पर होर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाने वालों ने अस्तबल ही खरीद लिया
नई दिल्ली। देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार दोपहर को महाराष्ट्र के सीएम के पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद फडणवीस ने शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमने ना कभी विधायकों को लालच देकर तोड़ने में यकीन रखा है ना आज ऐसा इरादा रखते हैं। हम पर दूसरे दलों के लोगों ने होर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाए, सबके सामने है कि हम ऐसी गतिविधि में शामिल नहीं। हां ये जरूर है कि हम पर होर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाने वालों ने पूरा अस्तबल खरीद लिया।

हमारे पास नंबर नहीं: फडणवीस
फडणवीस ने कहा, भाजपा के पास बहुमत के लिए विधायक नहीं हैं, इसलिए हम सरकार नहीं बनाएंगे। हम इस्तीफा दे रहे हैं। भाजपा विपक्ष में बैठेगी। बता दें कि फडणवीस ने शनिवार सुबह सीएम पद की शपथ ली थी। तीन दिन बाद आज (मंगलवार) को उन्होंने इस्तीफा दे दिया। राज्यपाल ने फडणवीस को 14 दिन का समय बहुमत साबित करने के लिए दिया था लेकिन कोर्ट ने बुधवार को उनसे फ्लोर टेस्ट का सामना करने को कहा। जिसके बाद उन्होंने फ्लोर टेस्ट के लिए ना जाते हुए पद छोड़ दिया।

अजित पवार का भी इस्तीफा
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फडणवीस ने बताया कि अजित पवार ने भी डिप्टी सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुझे इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि वो निजी कारणों से ऐसा कर रहे हैं। उन देवेंद्र फडणवीस ने इस दौरान कहा कि हम विपक्ष में बैठेंगे लेकिन जो सरकार तीन दलों की बनने जा रही है ये भी ज्यादा दिन नहीं चलेगी। क्योंकि ये अलग-अलग विचारधारा के दलों की सरकार है। ये तीन पहियों की सरकार ज्यादा नहीं चल पाएगी।

शनिवार से लगातार बदलती रही महाराष्ट्र की सियासी स्थिति
शनिवार सुबह महाराष्ट्र की सियासत में नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला था। सुबह साढ़े सात बजे राज्यपाल ने भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के सीएम और एनसीपी के अजित पवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई थी। अजित ने एनसीपी का समर्थन भाजपा को होने की बात कही लेकिन पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने इसे नकार दिया। इसके बाद एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस ने इसे सुप्रीम कोर्ट में भी चुनौती दी। मंगलवार को कोर्ट ने बुधवार तक फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया तो एक बार फिर घटनाक्रम बदल गया। पहले अजित पवार ने और फिर फडणवीस ने इस्तीफा दे दिया।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आए थे। जिसमें बीजेपी के 105 और शिवसेना के 56 विधायक जीते हैं। कांग्रेस को 44 और एनसीपी को 54 सीटों पर जीत मिली है। बहुमत के लिए यहां 145 सीटों की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications