BJP सांसद निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी पर FIR, आखिर किस मामले में फंसे दोनों नेता?
BJP MP Nishikant Dubey, Manoj Tiwari: झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में जबरन प्रवेश को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी और कई अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन नेताओं ने 2 अगस्त की रात बाबा मंदिर के गर्भगृह (Sanctum Sanctorum) में जबरन प्रवेश किया, जिससे हजारों भक्तों में अफरा-तफरी और डर का माहौल पैदा हो गया।
झारखंड पुलिस ने शुक्रवार (08 अगस्त) को कहा कि उसने भाजपा नेताओं के खिलाफ मंदिर में प्रवेश करने के लिए एफआईआर दर्ज की है। सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में VIP और VVIP के प्रवेश पर रोक होती है, क्योंकि इस समय लाखों श्रद्धालु यहां जल अर्पित करने आते हैं। 2 अगस्त को रात 8:45 से 9 बजे के बीच सांसद निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी समेत अन्य लोग मंदिर के गर्भगृह में जबरदस्ती घुस गए। मंदिर के पुजारी कार्तिक नाथ ठाकुर ने इस घटना की शिकायत पुलिस में की थी।

'कांचा जल पूजा' की रस्म के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर घुसे BJP सांसद
इसके बाद 7 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ मंदिर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई। शिकायत में कहा गया कि नेताओं की इस हरकत से धार्मिक परंपराओं का उल्लंघन हुआ, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई और भीड़ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
शिकायत में यह भी कहा गया कि जिस समय ये भाजपा सांसद मंदिर में अंदर गए, उस समय 'कांचा जल पूजा' की रस्म चल रही थी, जो इस घटना से बाधित हुई। कांचा जल पूजा, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भगवान शिव की जाती है।
FIR दर्ज होने पर क्या बोले निशिकांत दुबे ?
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा -"यह केस पूजा करने के लिए दर्ज हुआ है...अब तक मुझ पर 51 मामले दर्ज हो चुके हैं। कल मैं सीधे देवघर एयरपोर्ट से थाने जाऊंगा अपनी गिरफ्तारी देने।"
एक अन्य पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा, ''कानून व्यवस्था में कोई परेशानी नहीं हो, सीता होटल से पैदल चलकर थाने पहुंचूंगा।'' बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने इस मामले पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी पहले भी रह चुके हैं विवादों में
यह पहली बार नहीं है जब इन दोनों नेताओं निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी का नाम विवाद में आया हो। अगस्त 2022 में भी मनोज तिवारी और निशिकांत दुबे पर FIR दर्ज हुई थी। तब आरोप था कि उन्होंने देवघर एयरपोर्ट के ATC रूम में घुसकर अपने चार्टर्ड विमान को निर्धारित समय के बाद उड़ान भरने की अनुमति जबरन ली थी। हालांकि, इस मामले में इस साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने इन पर दर्ज आपराधिक अतिक्रमण का केस रद्द कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications