युद्ध लड़ने वाली इंडियन एयरफोर्स अब पहुंचाएगी कैश भी
ग्लोबमास्टर और एमआई-17 के जरिए इंडियन एयर फोर्स पहुंचाएगी कैश। सरकार ने की तैयारी।
नई दिल्ली। अभी तक आपने इंडियन आर्मी और इंडियन एयरफोर्स को बाढ़ और दूसरी प्राकृतिक आपदाओं में देश की मदद करते देखा है। लेकिन अब सेनाओं की मदद पैसा पहुंचाने के लिए ली जाएगी।

ग्लोबमास्टर और एमआई-17 का सहारा
बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी लाइनें लगी हैं और कब किसे कैश मिलेगा कोई नहीं जानता। इन सबके बीच अब सरकार ने देश की रक्षा में तैनात इंडियन एयरफोर्स (आईएएफ) की भी मदद लेने की पूरी तैयारी कर ली है।
आईएएफ के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ग्लोबामास्टर और हेलीकॉप्टर एमआई-17 की मदद से गांवों और कस्बों में स्थित बैंकों तक कैश पहुंचाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार ने नोटों की सप्लाई में तेजी लाने के लिए और लोगों को राहत पहुंचाने की मकसद से इस कदम की योजना बनाई है।
सरकार की ओर से नए छपे 2000 और 500 के नोटों को एयरफोर्स की मदद से जल्द से जल्द पहुंचाया जाए।
सियाचिन में सामान पहुंचाने वाला एमआई-17
ग्लोबमास्टर दुनिया का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है तो वहीं रूस में बना एमआई-17 सबसे बड़ा हेलीकॉप्टर।इसी हेलीकॉप्टर के जरिए सियाचिन में सैनिकों को रसद और दूसरे जरूरी सामानों की सप्लाई की जाती है।
आठ नवंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 और 1,000 के नोटों को बंद करने का ऐलान किया और जनता की मुश्किलें बढ़ गईं। अब इन्हीं दिक्कतों को दूर करने के लिए इंडियन एयरफोर्स की मदद लेने का मन बनाया गया है।
हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया कैश
वित्त मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई है कि सिस्टम में पर्याप्त कैश मौजूद हैं। इन्हें पहुंचाने के लिए डिलीवरी चैनल्स को देश भर में तैयार किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक रिजर्व बैंक की मुश्किलों को कम करने के लिए झारखंड के बोकारो में पहले ही हेलीकॉप्टर की मदद से बैंको और एटीएम तक कैश पहुंचाया गया है।
मुश्किलों का सामना कर रहे लोग
देश में कैश की कमी से लोगों को कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। 10 नवंबर से ही एटीएम और बैंकों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें देखी जा सकती हैं। लोगों को पुरानी करेंसी बदलने और एटीएम से पैसे निकालने में बड़ी मुश्किल हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications