दिल्ली में कड़ाके की ठंड: कोहरे की वजह से एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें लेट, जानिए कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के वैज्ञानिकों ने कहा है कि दक्षिण-पूर्वी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली में आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की आशंका है।

Delhi Winter Weather Update: दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई थी। गहरे कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम है। रेल अधिकारियों ने बताया कि कुल 14 ट्रेनें डेढ़ से साढ़े तीन घंटे की देरी से चल रही हैं। सुबह 5:30 बजे, दिल्ली के दो मौसम केंद्रों, पालम में दृश्यता 100 मीटर और सफदरगंज में 200 मीटर थी।

पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में छाया घना कोहरा
आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि कोहरे की परत मुख्य रूप से पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में देखी गई। उन्होंने कहा कि बिहार के कुछ हिस्सों में एक और परत देखी जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के कई इलाके कोहरे के प्रभाव से अब भी दूर हैं। वहीं पंजाब के पटियाला मे 25 मीटर और राजस्थान गंगानगर में 0 मीटर था।
आईएमडी के मुताबिक 'बहुत घना' कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच होती है, 51 और 200 के बीच 'घना कोहरा', 201 और 500 के बीच 'मध्यम कोहरा' और 501 और 1,000 के बीच 'उथला' होता है।

दिल्ली में दर्ज की गई सबसे ठंडी सुबह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा था कि दिल्ली में शुक्रवार को मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई थी। दिल्ली में शुक्रवार (22 दिसंबर) की सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। यह गुरुवार के तापमान से लगभग दो डिग्री कम था। गुरुवार को 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

28 दिसंबर तक दिल्ली में और बढ़ेगी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने बुलेटिन में भविष्यवाणी की है कि भारत-गंगा के मैदानी इलाकों में हल्की हवाओं और हिमालय से शुष्क उत्तर/उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह 28 दिसंबर तक कुछ अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली में भी दिसंबर तक ठंड बढ़ेगी।

दिल्ली में 1 जनवरी से 15 जनवरी तक स्कूल रहेंगे बंद
दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने गुरुवार को जारी एक सर्कुलर में कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूल 1 जनवरी से 15 जनवरी तक सर्दी को लेकर बंद रहेंगे। हालांकि नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्र दो जनवरी से 14 जनवरी तक कुछ क्लॉस के लिए जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications