दिल्ली की एसीबी का संचालन मेरे अधीन: नजीब जंग
नई दिल्ली। दिल्ली में नौकरशाहों की नियुक्ति और स्थानांतरण के अधिकार पर उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के बीच तनातनी में उपराज्यपाल नजीब जंग का ताजा बयान आग मे घी का काम कर सकता है। जंग ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली की भ्रष्टाचार-निवारक शाखा (एसीबी) का संचालन उनके अधिकार, नियंत्रण और पर्यवेक्षण के अधीन है।

उपराज्यपाल के कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक, "यह मामला आज के समाचारपत्रों में प्रकाशित खबर से संबधित है, जिसमें दिल्ली की भ्रष्टाचार-निवारक शाखा में बिहार के पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति के संबंध में लिखा गया है। पुलिस संस्था होने के नाते एसीबी का संचालन उपराज्यपाल के अधिकार, नियंत्रण और पर्यवेक्षण के अधीन है।
उपराज्यपाल के पद को गृह मंत्रालय की ओर से 21 मई को जारी अधिसूचना संख्या 1368 (ई) में मान्यता दी गई है।" बयान में हालांकि यह भी कहा गया कि दिल्ली के बाहर के पुलिस अधिकारियों की एसीबी में नियुक्ति को लेकर किसी तरह का प्रस्ताव उपराज्यपाल को अब तक नहीं मिला है।
बयान में कहा गया, "उपराज्यपाल के कार्यालय को अब तक दिल्ली से बाहर के पुलिस अधिकारियों की एसीबी में नियुक्ति को लेकर किसी तरह का प्रस्ताव प्राप्त नहीं हआ है। दिल्ली सरकार के सतर्कता विभाग की ओर से उपराज्यपाल को औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद मामले पर गौर किया जाएगा।"
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, बिहार पुलिस के छह अधिकारियों की एसीबी में नियुक्ति की जा रही है, जिनमें एक पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस निरीक्षक और दो पुलिस उपनिरीक्षक शामिल हैं। रिपोर्ट में हालांकि कहा गया है कि इन अधिकारियों को विशेष उत्तरदायित्व नहीं सौंपा गया है।
यह खबर ऐसे समय में आई है, जब उपराज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच प्रशासन संबंधी अधिकारों को लेकर ठनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications