Delhi Rain Alert: दशहरा पर दिल्ली में भारी बारिश, जलने से पहले ही गल गए रावण, कैसा रहेगा NCR में मौसम?
Delhi Rain Alert: दशहरे की शाम जहां लोग रावण दहन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वहीं दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट लेकर त्योहार का मजा बिगाड़ दिया। भारी बारिश और तेज हवाओं ने रावण दहन की तैयारियों पर पानी फेर दिया। कई जगहों पर तो रावण के पुतले जलने से पहले ही गलकर बुरी तरह खराब हो गए। भारी बारिश का असर दुर्गा मां के विसर्जन पर भी दिख रखा है। हालांकि बारिश को लेकर मौसम विभाग IMD ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी।
लाल किला मैदान से लेकर द्वारका तक मुश्किल में रावण दहन
दिल्ली में लाल किला मैदान दशहरे पर सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है, लेकिन इस बार यहां भी बारिश ने माहौल बिगाड़ दिया। रामलीला मैदान, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, द्वारका श्री रामलीला सोसायटी और ललिता पार्क समेत कई जगहों पर तैयार किए गए विशाल पुतले पानी से भीगकर कमजोर हो गए हैं।

बारिश ने बिगाड़ा दशहरे का रंग
बांस, कागज और पुआल से बने इन पुतलों को आयोजकों ने बचाने के लिए प्लास्टिक और तिरपाल से ढकने की कोशिश की, मगर तेज हवा और मूसलाधार बारिश के आगे यह प्रयास नाकाफी साबित हुए। कई जगह रावण के पुतले आधे गल चुके हैं और उनके गिरने का खतरा बना हुआ है। लोग छाता और रेनकोट में त्योहार मनाने को मजबूर हैं।
Delhi Weather: आने वाले दिनों में कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली और एनसीआर में बारिश की चेतावनी दी थी। अब ताजा अपडेट के मुताबिक, आने वाले पांच दिन तक दिल्ली-एनसीआर समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
4 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसका असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दिखाई देगा।
6 और 7 अक्टूबर को और बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 6 और 7 अक्तूबर को दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, कुछ इलाकों में यह स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।












Click it and Unblock the Notifications