साउथ दिल्ली में मस्जिद सील, बवाल मुमकिन
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) रमजान के पाक दिनों में राजधानी के साउथ दिल्ली के खिड़की इलाके में एक संरक्षित खिड़की मस्जिद को पुलिस ने सील कर दिया है। यानी उसमें अब प्रवेश मुमकिन नहीं है। ये संरक्षित मस्जिद है। पुलिस के एक्शन के चलते अब सियासत होने की आशंका जताई जा रही है।
शरारती तत्वों की हरकत
हालांकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग का कहना है कि मस्जिद में कुछ शरारती लोग नमाज पढ़ने लगे थे। नियमों के मुताबिक, संरक्षित मस्जिद या किसी इस तरह के दूसरे स्थान पर जिसे पुरातत्व विभाग देख रहा हो, वहां पर नमाज पढ़ना या कोई इस तरह का काम करना निषेध है।
पुलिस एक्शन
सूत्रों का कहना है कि पुलिस को पुरातत्व विभाग की तरफ से शिकायत मिली थी। उसके बाद उसने इस तरह का कठोर कदम उठाया। बता दें कि दिल्ली में बहुत सी तारीखी मस्जिदें संरक्षित कैटेगरी में हैं। जाहिर है, उनमें नमाज पढ़ने पर रोक है। यूं तो खिड़की में हिन्दुओं की तादाद अधिक है, पर कुछ मुसलमान भी रहते हैं।
दूसरी मस्जिदें
सूत्रों का कहना है कि यहां के स्थानीय मुसलमान भी इधर नमाज नहीं पढ़ते क्योंकि ये संरक्षित मस्जिद है। वे बाकी मस्जिदों में चले जाते हैं। हालांकि जानकारों को हैरानी इस बात से हो रही है कि जब दो सप्ताह पहले इस मस्जिद में कुछ लोग गैर-कानूनी तरीके से घुसे तब यहां के सुरक्षा कर्मियों ने उनके खिलाफ कदम क्यों नहीं उठाया। दूसरी बात ये है कि दो हफ्ते पहली घटी घटना पर पुरातत्व विभाग या पुलिस ने पहले कदम क्यों नहीं उठाया।
राजधानी के प्रमुख मुस्लिम विद्वान फिरोज बख्त अहमद मानते हैं कि संरक्षित मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ने को कतई जायज नहीं माना जा सकता है। वे कहते हैं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शनन लेने की जरूरत है। हालांकि कुछ जानकार कह रहे हैं कि खिड़की मस्जिद की एंट्री पर रोक लगाने के मसले पर कुछ मुसलमान नेता सियासत करेंगे।













Click it and Unblock the Notifications