दिल्ली: 500 रुपए में बनाए जा रहे थे फर्जी आधार, दो गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को फर्जी आधार बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। शास्त्रीनगर में चल रहे इस रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से जिला मजिस्ट्रेट के नकली स्टांप, नकली एफीडेविट, अलग-अलग नामों से बनाए गए 461 फर्जी आधार कार्ड, बायोमेट्रिक सिस्टम, 400 प्लास्टिक कार्ड, 54 विजिटिंग कार्ड, तीन फिंगर प्रिंट स्कैनर, दो आंखों के स्कैनर, वैब कैमरा, प्रिंटिंग मशीन और लैपटॉप बरामद किया गया है।

आरोपियों की पहचान विकास कुमार और सुशील कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि ये बाकायदा दुकान में ये सब कर रहे थे, इन लोगों ने आधार कार्ड बनाए जाने का बोर्ड अपनी दुकान पर लगाया हुआ था और इस पर भारत सरकार से अधिकृत होने का भी जिक्र किया गया था। यहां 400 से 500 रुपये में फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे।
नॉर्थ जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर सुनील शर्मा की टीम ने सूचना के आधार पर छापा मारकर इस गिरोह का भंडोफोड़ किया। पुलिस ने एक अपने ही एक आदमी को कस्टमर बनाकर इस दुकान में भेजा और उसने कुछ रुपए लेकर अपना नकली आधार बनवाने को कहा तो दुकानदार थोड़ी ना-नकुर के बाद 500 रुपए में ऐसा करने को तैयार हो गया, जिसके बाद अपने खबरी के इशारे पर पुलिस ने दुकान में छापा मार दिया।












Click it and Unblock the Notifications