मायावती की सुरक्षा में तैनात एएसआई कोरोना वायरस से संक्रमित
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा पूरे देश में मंडरा रहा है, यह गरीब से लेकर अमीर, आम आदमी से लेकर खास आदमी तक को अपनी चपेट में ले रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने में लगे फ्रंट लाइन वॉरियर अब इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती की सुरक्षा में लगे दिल्ली पुलिस के एएसआई में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है, उसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। एएसआई पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती है।

बता दें कि यह एएसआई दिल्ली का ही रहने वाला है, उसने यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से कई दिनों से मुलाकात नहीं की थी। एक अधिकारी ने बताया कि तमाम सुरक्षाकर्मी जो मायावती की सुरक्षा में तैनात हैं, उन्होंने कई दिनों से मायावती से मुलाकात नहीं की है। बता दें कि दिल्ली पुलिस का यह एएसआई 23 अप्रैल से छुट्टी पर था, जब वह काम पर लौटा तो उसमे कोरोना वायरस के लक्षण दिखने लगे। जिसके बाद उसका कोरोना वायरस का टेस्ट कराया गया तो वह पॉजिटिव निकला। दिल्ली पुलिस के सात कर्मियों को क्वारेंटीन किया गया है, जिसमे एसएचओ भी शामिल हैं। संक्रमित पुलिसकर्मी के परिवार को भी क्वारेंटीन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 62939 हो गई है, जिसमें से 19357 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 41472 है। वहीं, देश में अब तक कोरोना से 2109 लोगों की जान गई है।












Click it and Unblock the Notifications