एक झगड़ा, चाकू से 20 वार, पत्थर से कुचला और चला गया लेकिन फिर मारने आया..., दिल्ली हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी
Delhi Shahbad Dairy Murder case update: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 28 मई की रात लगभग 9 बजे 16 साल की एक लड़की को दो दर्जन से अधिक बार चाकू मारकर उसके प्रेमी ने हत्या कर दी है। आरोपी प्रेमी साहिल गिरफ्तार हो गया है।

Delhi Shahbad Dairy Murder Inside Story: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 28 मई की रात 16 साल की लड़की साक्षी की उसके प्रेमी साहिल ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। साहिल ने 20 बार चाकू से हमला किया और पत्थर से कुचला। हादसे के बाद 29 मई की दोपहर दिल्ली पुलिस ने आरोपी साहिल (20) को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।
लड़की को चाकू मारने के बाद साहिल ने उसे कई बार लात मारी और फिर सीमेंट का ब्लॉक उठाकर उसे कई बार कुचला। रिपोर्ट के मुताबिक उसने 20 बार चाकू से और लगभग 5 से 10 बार पत्थर से कुचला था।
जब साहिल साक्षी पर हमला कर रहा था तो आसपास कई लोग मौजूद थे। गली में लोग आ जा रहे थे लेकिन किसी ने साक्षी को बचाने की कोशिश नहीं की। इस घटना ने राजधानी दिल्ली को एक बार फिर से दहला कर रख दिया है।
दिल्ली शाहबाद डेयरी हत्याकांड की इन साइड स्टोरी
दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी क्षेत्र में रविवार को साक्षी (16) की उसके प्रेमी साहिल (20) ने सरेआम बीच सड़क पर 20 से ज्यादा बार चाकू मारा। जिससे उसकी मौत हो गई। वीभत्स हत्याकांड सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

सीसीटीवी फुटेज में लड़की सड़क पर चलते हुए दिख रही है, जब आरोपी साहिल उसे पास आकर रोकता है। लड़की को रोकने के बाद साहिल और उसमें पहले बहस होती है। साहिल उसे एक दीवार की ओर धक्का देता है।
उसके बाद वह अचानक से चाकू निकालकर लड़की पर वार करने लगता है। एक के बाद कई चाकू का वार झेलने के बाद लड़की बेहोश होकर गिर जाती है। लेकिन आरोपी लगातार वार करता रहता है।
इसी बीच चाकू लड़की की खोपड़ी में फंस जाता है। वीडियो में दिख रहा है कि वो उसको निकालता है और फिर से वार करना शुरू कर देता है। उसके बाद वह अपने पैरों से लड़की को मारने लगता है।

फिर पास में पड़े कंक्रीट स्लैब को उठाकर वह लड़की को 5 से 10 बार कुचलता है। उसके बाद सरेआम सबके बीच से निकल कर चला जाता है। लेकिन थोड़ी ही देर बाद वह फिर से वापस आता है और फिर से पत्थर से मृत पड़ी लड़की पर वार करता है और वहां से बड़े आराम से निकल जाता है।
तमाशबीन बने लोग, किसी ने नहीं की बचाने की कोशिश
यह घटना एक व्यस्त सड़क पर हुई। जब साहिल चाकू से लड़की पर हमल कर रहा था तो कई लोग उसे देख रहे थे। वहां से गुजर रहे थे। आसपास सबको भनक लग गई थी कि किसी पर हमला हो रहा है। लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। हालांकि एक ने उसे रोकने की कोशिश भी की लेकिन वो रुका नहीं।
घटना के 30 मिनट बाद पुलिस को गई फोन कॉल
पुलिस ने कहा कि उन्हें घटना के लगभग 30-35 मिनट बाद एक कॉल आई। आउटर नॉर्थ के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने कहा, 'बीट स्टाफ को रविवार (28 मई) की रात करीब साढ़े नौ बजे (9:30) साक्षी नाम की 16 वर्षीय लड़की की हत्या की सूचना मिली थी। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता सड़क पर मृत पाई गई। बाद में यह पता चला कि वह दूसरी लेन से आ रही थी जब साहिल ने उसे रोका और उस पर कई वार किए।

दोनों रिलेशनशिप में थे लेकिन हुआ था झगड़ा
आउटर-नॉर्थ दिल्ली के ADCP राजा बंथिया ने कहा, ''लड़का और लड़की एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों रिलेशनशिप में थे। लेकिन हादसे से कुछ देर पहले उनका झगड़ा हुआ था। लड़की ने एक दोस्त के बेटे की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की योजना बनाई थी, जब साहिल ने उसे रोका तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद उसने हमला किया। हालांकि लड़का-लड़की कब से एक दूसरे को जानते थे, इसकी जांच की जा रही है।''
राजा बंथिया ने कहा, "लड़की को मृत लाया गया था और पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। उसके शरीर पर कई चोटें थीं। उसे 20 से अधिक बार चाकू मारा गया था। आरोपी (साहिल) की उम्र 20 साल है उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
Recommended Video

पोस्टमॉर्टम के प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक लड़की को 16 बार चाकू मारा गया, किसी भारी वस्तु से हमला करने के बाद उसकी खोपड़ी फट गई है। पुलिस फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications