देश की पहली Rapid Rail का नाम होगा 'नमो भारत', शुक्रवार को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, कांग्रेस ने साधा निशाना
Delhi-Meerut Rapid Rail News: देश की पहली दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का 'नमो भारत' के नाम से पहचाना जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नई रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) ट्रेनों का 'नमो भारत' नाम रखा गया है। जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी 20 अक्टूबर को उद्घाटन करेंगे।
देश को पहली रैपिड ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है, जिसके लिए लोगों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। पीएम मोदी रैपिड रेल का शुक्रवार को उद्घाटन करेंगे। सुबह 11:15 बजे साहिबाबाद में पीएम रैपिड ट्रेन को झंडी दिखाएंगे।

रैपिड ट्रेन का नाम अब 'नमो भारत'
इसी के साथ केंद्र सरकार ने इस रैपिडेक्स ट्रेन का नाम बदलकर 'नमो भारत' रखने का फैसला किया है। उद्घाटन के अगले दिन से ही यानी 21 अक्टूबर से आम यात्री भी इस ट्रेन के सफर का आनंद उठा सकेंगे।
160 किमी प्रति घंटा रफ्तार
मालूम हो कि इस रैपिड ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा होगी। जिसका मतलब है कि यह 60 मिनट में 100 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेगी। रैपिड रेल के पहले फेज के तहत दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के 17 किमी लंबे प्राइमरी सेक्शन को शुरू किया जाएगा।
रैपिड रेल दिल्ली मेट्रो और भारतीय रेलवे की ट्रेनों की तुलना में बहुत ज्यादा तेज होगी। रैपिडेक्स के पहले सेक्शन में छह कोच वाली 13 रेल का संचालन होना है। पहले खंड में गाजियाबाद, साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो स्टेशन में होगा।
नाम को लेकर कांग्रेस ने साधा निशाना
इधर, जैसे ही यह जानकारी सामने आई कि रैपिड रेल का नाम 'नमो भारत' होगा। विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सवाल पूछते हुए लिखा-"भारत को भी क्यों रखा जाए? बस देश का नाम बदल कर नमो रख दो। इसी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बिना नाम लिए लिखा कि 'नमो स्टेडियम के बाद अब नमो ट्रेन। उनके आत्म-मुग्धता की कोई सीमा नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications