दिल्ली आबकारी घोटाला: 5 दिन की CBI रिमांड पर भेजे गए मनीष सिसोदिया
सीबीआई ने रविवार को आबकारी घोटाले में मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। अब कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेजा है।

आबकारी घोटाले को लेकर सीबीआई ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद रविवार देर शाम उनकी गिरफ्तारी हुई। सिसोदिया को सीबीआई ने सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और उनसे आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी। कोर्ट ने जांच एजेंसी की मांग को स्वीकार करते हुए मनीष सिसोदिया को 5 दिन की सीबीआई रिमांड में भेज दिया है।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान सिसोदिया के वकील ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। साथ ही कोर्ट को बताया कि उनको राजनीतिक साजिश में फंसाया जा रहा। जिस पर सीबीआई के वकील ने कहा कि आगे की जांच के लिए सिसोदिया की रिमांड जरूरी है। ऐसे में जांच एजेंसी को 5 दिन की रिमांड चाहिए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने 4 मार्च तक की रिमांड को मंजूरी दे दी।
दिल्ली की सड़कों पर AAP कार्यकर्ता
वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सीबीआई और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार से ही दिल्ली की सड़कों पर AAP का प्रदर्शन जारी है। जिसको देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कोर्ट और सीबीआई ऑफिस के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
सीबीआई ने रखी ये दलील
वहीं सुनवाई के दौरान सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि मनीष सिसोदिया के पास ही दिल्ली के आबकारी मंत्रालय का जिम्मा है। उनके ही नेतृत्व में नई आबकारी नीति बनी। जिसमें गड़बड़ी हुई है। सीबीआई ने आरोप लगाया कि सिसोदिया ने कई सवालों के जवाब नहीं दिए जबकि उनके पास इससे जुड़े सबूत हैं। हालांकि सिसोदिया के वकील ने सीबीआई के सभी आरोपों को निराधार बताया है।
LG से पूछताछ क्यों नहीं हो रही: AAP
वहीं मामले में मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सीबीआई ने सिसोदिया के ऑफिस, घर, गांव सब जगह छापे मारे, लेकिन कुछ नहीं मिला। ऐसे ही 5 दिन की रिमांड में भी कुछ नहीं मिलेगा। इस पॉलिसी पर आखिरी मोहर LG ने लगाई तो LG से पूछताछ क्यों नहीं हो रही? ऐसे मे साफ है कि मनीष सिसोदिया को फंसाया जा रहा।












Click it and Unblock the Notifications