दिल्ली में कोरोना का कहर- 500 बेड वाला जीटीबी Covid-19 अस्पताल घोषित
नई दिल्ली। लॉकडाउन के चौथे चरण को भी समाप्त होने में दो दिन ही बचे हैं लेकिन दिल्ली में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। पॉजिटिव केस में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है जो चिंता का सबब बना हुआ है। बीते दो दिनों से रोज 1000 से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। इसी को नजर में रखते हुए दिल्ली सरकार ने गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित कर दिया है।

Recommended Video
इस हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों को भर्ती करने के लिए 500 बेड का इंतजाम है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में जीटीबी पांचवा ऐसा अस्पताल है जिसे कोविड अस्पताल घोषित किया गया है। आपको बता दें कि कोरोना के संक्रमण से जीटीबी के डॉक्टर्स भी अछूते नहीं है। बीते 24 घंटे में तीन डॉक्टर और दो नर्स संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा परिसर में स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रिंसिपल भी कोरोना पीडि़त हो गए। उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन किया है।
दिल्ली में 15 दिनों में 8500 पॉजिटिव केस
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना से निपटने के लिए दिल्ली की तैयारियों का अपडेट दिया। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केजरीवाल ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस चिंता की बात है लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोग ठीक हो रहे हैं वो भी घर पर ही रहकर। केजरीवाल के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में 8500 कोरोना केस सामने आए, लेकिन हॉस्पिटल में सिर्फ 500 ही भर्ती हुए हैं बाकियों का घरपर इलाज चल रहा। केजरीवाल ने बताया कि सोमवार से लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती होने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं होगा क्योंकि एक ऐप लाया जा रहा है।
आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 17,386 हो गई है। इनमें से 7846 लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक दिल्ली में कोरोना के चलते 398 लोगों की मौत हुई है। इस घातक वायरस के संक्रमण के कारण पिछले एक महीने में 82 लोगों की मौत हुई है। वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा में भी कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर को सील कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications