रैन बसेरा में अब नाश्ता भी देगी दिल्ली सरकार, 60 की जगह 250 टेंट बनाए जाएंगे
नई दिल्ली। शहरी विकास मंत्री सतेंद्र जैन ने शुक्रवार को दिल्ली में रैन बसेरा को लेकर विभिन्न विभागों के साथ एक समन्वय बैठक की। बैठक में दिल्ली जल बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, पीडब्ल्यूडी, बिजली, डीडीए, डीएमसी, एनडीएमसी, डीएमआरसी, डीएफएस, सामाजिक कल्याण विभाग एवं डब्ल्यूसीडी के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री सतेंद्र जैन ने ठंड के मौसम के दौरान डूसिब (डीयूएसआईबी) शेल्टर होम्स में बेघर लोगों को उचित आश्रय सुविधा प्रदान करने के लिए किए जाने वाले उपायों की समीक्षा की।

बैठक की जानकारी देते हुए राजस्व विभाग के अधिकारी को बताया गया कि वे कोरोना सम्बंधित सभी दिशा निर्देश का पालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही कानून व्यवस्था का भी ध्यान रखें। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग को आश्रयों स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और बेघर लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने का भी निर्देश दिया गया। सभी संबंधित विभागों को यह सूचित किया गया कि बेघर लोगों के लिए डूसिब का 2020-21 शीतकालीन एक्शन प्लान 20 नवंबर 2020 से शुरू होगा, जो 15 मार्च 2021 तक जारी रहेगा।
शहरी विकास मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि कोरोना महामारी को लेकर बरती जाने वाली सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए टेंटो की संख्या बढ़ा दी गई है। हर साल जहां 60-70 पगोडा टेंट लगाए जाते थे, वहीं इस बार कोरोना को ध्यान में रखते हुए 250 पगोड़ा टेंट लगाए जाएंगे, ताकि सामाजिक दूरी का सही से पालन किया जा सके। यह सभी टेंट अग्निरोधी और वॉटर प्रूफ होंगे। साथ ही, सभी टेंट में बेड और गद्दे की सुविधा भी दी जाएगी। शहरी विकास मंत्री ने बताया कि यह सभी टेंट लोगों कि जरुरतों को ध्यान में रख कर बनाए जाएंगे और जहां जरुरत होगी, वहां एक से ज्यादा भी टेंट लगाए जाएंगे।
मंत्री सतेंद्र जैन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए यह भी कहा कि जहां अभी तक रेन बसेरों में सिर्फ 2 बार खाना दिया जाता था, वहीं अब दिल्ली सरकार इसे बढ़ा कर 3 बार देने का निर्णय लिया है। वर्तमान में उपलब्ध कराए जा रहे 2 बार भोजन के स्थान पर एक दिन में 3 बार भोजन (नाश्ते सहित) उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। यह प्रावधान शीतकालीन कार्य योजना के तहत डूसिब सेल्टर होम्स के बेघर लोगों के लिए बहुत कम समय के अंदर शुरू किया जा रहा है।
शहरी विकास मंत्री सतेंद्र जैन ने सभी विभागों के प्रतिनिधियों को पूरा सहयोग देने के साथ-साथ अपनी ओर से आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने सभी अधिकारीयों को निर्देश दिया कि कोरोना महामारी को लेकर बरती जाने वाली सारी सावधानियों का ध्यान रखें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश का पालन सुनिश्चित किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications