युवक ने बस में छात्रा से की छेड़छाड़ , लड़की ने किया विरोध तो पीट डाला
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में बुधवार को बस के अंदर छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने एमफिल की छात्रा को थप्पड़ मारा और उनका हाथ भी मरोड़ दिया। इससे पहले कि आरोपी पीड़ित स्टूडेंट को और किसी तरह का नुकसान पहुंचा पाता बस में बैठे यात्रियों ने आरोपी युवक को धर दबोचा। यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दरअसल एमफिल की यह छात्रा क्लस्टर बस से होम ट्यूशन देने जा रही थी। आरोपी की पहचान मंडावली निवासी मोहित (28) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय युवती गाजीपुर इलाके में परिवार के साथ रहती है। वह एक कॉलेज से एमफिल की पढ़ाई कर रही है। साथ ही वह खुरेजा में ट्यूशन पढ़ती है। बुधवार शाम युवती बस से लक्ष्मीनगर आ रही थी। इस दौरान बस में सवार एक युवक उन्हें परेशान करने लगा। कमेंट करने के साथ उसने छेड़छाड़ भी शुरू कर दी। पीड़िता ने उसे इस तरह की हरकत करने से मना किया। बावजूद इसके आरोपी इससे बाज नहीं आ रहा था।
उसकी हरकतों से परेशान होकर पीड़ित लड़की ने उसे जोरदार धक्का दे दिया। धक्का देने पर आरोपी ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया और उसका हाथ मरोड़ डाला। बाकी यात्रियों ने विरोध किया तो आरोपी युवक उन्हें धमकी देने लगा। इस पर लोगों ने उसे पकड़ लिया।
युवती ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी मोहित के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications