घने कोहरे की आगोश में दिल्ली: सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित, 4 की मौत

मौसम विभाग की मानें तो कोहरे के चलते विजिबिलिटी काफी है। आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिस वजह से दिल्ली से उड़ान भरने वाली कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के समय में फेरबदल किया गया है, जबकि कुछ घरेलू उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 40 उड़ानों को रद्द किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि कोहरा सुबह करीब 5 बजे गहराना शुरू हुआ और दृश्यता 50 मीटर से कम हो गई।
दृश्यता का यह स्तर खराब दृश्यता की स्थिति में सीएटी 3 बी इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) का प्रयोग करते हुए विमानों को उतारने के लिए न्यूनतम रूप से आवश्यक है। कम दृश्यता की स्थिति में विमानों के उड़ान भरने के लिए उनके आकार के हिसाब से कम से कम 125 से 150 मीटर तक के बीच दृश्यता होनी चाहिए। इसके अलावा कोहरे का असर रेल सेवा पर भी पड़ा है। कई ट्रेने काफी देरी से चल रही हैं। जिनमें लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं। सड़कों पर भी कोहरे की वजह से यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने साफ तौर पर बताया कि अभी कोहरे की शुरुआत भर है और आने वाले वक्त में इसके और बढ़ने की आशंका है। दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में भी कोहरे की वजह से आम जनजीवन पर काफी असर पड़ा है। गौरतलब है कि सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में कोहरे ने इस मौसम की पहली दस्तक दी।












Click it and Unblock the Notifications