दिल्ली: सिविल लाइंस इलाके में परिवहन विभाग के दफ्तर में लगी आग पर पाया गया काबू
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक और आग लगने की घटना सामने आई है। सिविल लाइंस इलाके स्थित ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के दफ्तर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना पर फायरब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। ताजा जानकारी मिलने तक आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर, सुनील चौधरी ने बताया कि परिवहन विभाग के कार्यालय में रखे सारे दस्तावेज आग में नष्ट हो गए हैं। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। हाल के दिनों में दिल्ली में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। कुछ दिनों पहले पटपड़गंज इलाके में आग लगने की खबर सामने आई थी। यह आग पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में लगी थी, तब आग बुझाने के लिए फायरब्रिगेड की 32 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। काफी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया जा सका था।
Delhi: Fire breaks out at Delhi Transport Department office at Civil Lines, 8 fire tenders rushed to the spot. https://t.co/Nu9b3fl0J2 pic.twitter.com/n8bzNaP8pQ
— ANI (@ANI) January 20, 2020
इसके पहले, मायापुरी फेज 2 के हरिनगर में एक जूते की फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। तब फायरब्रिगेड की 20 गाड़ियां घटनास्थल पर आग बुझाने पहुंची थीं। जबकि पीरागढ़ी इलाके में 2 जनवरी को ओकाया बैटरी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। थी। सुबह 4.30 बजे करीब लगी आग को बुझाने में दमकल की 35 गाड़ियां जुटी हुईं थी और कई घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में 13 दमकलकर्मियों समेत 14 लोग घायल हुए थे।
बता दें पिछले महीने 24 दिसंबर को दिल्ली के ही नरेला इलाके में एक जूता फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई थी। इससे पहले 7 दिसंबर को दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी में भीषण आग लगी थी। इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई थी। अनाज मंडी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications