Arvind Kejriwal news: ईडी ने सीएम केजरीवाल को पूछताछ के लिए फिर बुलाया, भेजा चौथा समन
ED summons Delhi CM Arvind Kejriwal: दिल्ली की शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर से पूछताछ के लिए समन भेजा है।
सीएम अरविंद केजरीवाल को भेजा गया ये चौथा समन है। इससे पहले ईडी तीन बार उन्हें पूछताछ के लिए बुला चुकी है, लेकिन केजरीवाल ने कहा कि उनको भेजे गए समन पूरी तरह से गैरकानूनी हैं और इसलिए वो पेश नहीं होंगे।

चौथे समन में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए 18 जनवरी को पेश होने के लिए कहा है। वहीं, केजरीवाल लोकसभा चुनाव के लिए अपने पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक 18 से 20 जनवरी को गोवा में हो सकते हैं। गौरतलब है कि ईडी ने जब केजरीवाल को तीसरी बार समन भेजा था, तो उन्होंने आरोप लगाया कि समन के बहाने भाजपा उन्हें गिरफ्तार कराना चाहती है।
Recommended Video
'मुझे गिरफ्तार कराना चाहती है भाजपा'
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि उनके वकीलों ने उन्हें बताया कि ये समन गैरकानूनी हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया, 'ईडी का मकसद मुझसे पूछताछ करना नहीं है, मकसद है केंद्र के इशारे पर मुझे गिरफ्तार करना, ताकि मैं लोकसभा चुनाव में प्रचार ना कर सकूं। शराब नीति मामले में अगर कोई घोटाला हुआ होता, तो इन्हें कुछ तो मिलता, लेकिन ईडी को एक पैसा नहीं मिला, क्योंकि भ्रष्टाचार हुआ ही नहीं। ईडी ने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को झूठे आरोपों में गिरफ्तार किया हुआ है और अब इनके निशाने पर मैं हूं।'
वहीं, भाजपा का कहना है कि शराब नीति मामले में हुए घोटाले के असली सूत्रधार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ही हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि अगर अरविंद केजरीवाल ईमानदार हैं तो उन्हें ईडी के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। लेकिन, वो बार बार समन की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे साफ है कि भ्रष्टाचार हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications