Delhi election results: जानिए हरिनगर से भाजपा के तजिंदर पाल सिंह बग्गा कितने हजार वोटों से हारे
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद साफ हो गया है कि दिल्ली का सिंहासन एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल का है। आप पार्टी ने इन चुनावों में 70 में से 63 सीटों पर जीत हासिल कर ली है।नतीजे बीजेपी के लिए निश्चित तौर पर निराशाजनक हैं। हरि नगर की सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का विषय थी। यहां पर पार्टी ने प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को टिकट दिया था। बग्गा सीट पर चुनाव हार चुके हैं। यह सीट एक बार फिर आप के खाते में गई है और उम्मीदवार राजकुमारी ढिल्लन ने बड़ी जीत दर्ज कर ली है।

बग्गा को था जीत का भरोसा
हरि नगर सीट पर आप पार्टी की राज कुमारी ढिल्लन को 57892 वोट मिले तो बग्गा को बस 37672 वोट ही हासिल हो सके। बग्गा की हार और ढिल्लन की जीत में 20,128 वोटों का अंतर रहा। नतीजों से पहले बग्गा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि इस सीट पर कोई कॉम्पटीशन ही नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया था कि हरि नगर पर आप और कांग्रेस नंबर दो और तीन पर रहेंगे। बग्गा ने कहा था, 'बीजेपी इस सीट को 30,000 वोटों से जीत दर्ज करेगी। आप के पास कोई उम्मीदवार ही नहीं था और इसलिए उन्होंने बस 20 घंटे पहले ही कांग्रेस से अपना उम्मीदवार लाकर उसे टिकट दिया था।'

ट्विटर पर बीजेपी के स्टार बग्गा
बग्गा के सामने आप पार्टी की राज कुमारी ढिल्लन हैं तो कांग्रेस ने सुरिंदर कुमार सेतिया को टिकट दिया है। बग्गा के ट्विटर पर 6.4 लाख फॉलोअर्स हैं और उन्होंने भगत सिंह क्रांति सेना की शुरुआत की थी। वह दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता भी हैं। बग्गा के लिए पहला मौका है जब वह किसी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

12वीं पास बग्गा की आय 3.8 लाख रुपए
चुनाव आयोग के सामने दायर हलफनामे में बग्गा ने जानकारी दी है कि वह एक बिजनेसमैन हैं। उनकी शैक्षिक योग्यता 12वीं तक है और उनकी उम्र 34 साल है। अपने हलफनामे में उन्होंने बताया है कि उनके पास 18.9 लाख रुपए की चल सपंत्ति है। कुल घोषित आय 3.8 लाख है और यह उनकी खुद की आय है। उन पर करीब 5.8 लाख की देनदारी है। बग्गा के खिलाफ चार आपराधिक केस दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications