Delhi election results: नतीजे आने शुरू, इन दो महिला उम्मीदवारों ने खोला आप का खाता
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। पार्टी 50 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। दो सीटों पर नतीजे आ गए हैं। त्रिनगर और शालीमार विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी ने जीत ली हैं। शालीमार बाग से आप की बंदना कुमारी ने जीत दर्ज की है। त्रिनगर से आप की प्रीति तोमर जीती हैं।

शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी ने भाजपा की रेखा गुप्ता तो हराया है। वहीं त्रिनगर सीट पर आम आदमी पार्टी की प्रीति तोमर ने भारतीय जनता पार्टी के तिलक राम गुप्ता को हराया है। प्रीति तोमर, आप सरकार में कानून मंत्री रह चुके जितेन्द्र सिंह तोमर की पत्नी हैं। 2015 में जितेंद्र तोमर ने इस सीट पर भाजपा के नंद किशोर गर्ग को 22,311 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी। इस बार प्रीति ने जीत दर्ज की है।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर आज मतगणना हो रही है। आम आदमी पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना रही है। दिल्ली में बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत है। आम आदमी पार्टी करीब 50 सीटों पर स्पष्ट बढ़त बना चुकी है। ऐसे में साफ है कि आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली के सीएम बनेंगे।
अब तक आए रुझानों में आप को 57 और भाजपा को 13 सीटें मिल रही हैं। आप लगातार तीसरी बार दिल्ली में सरकार बनाती दिख रही है। हालांकि भाजपा ने अच्छी वापसी की है। भाजपा 2015 में कुल तीन सीटों पर सिमट गई थी लेकिन इस बार पार्टी 13 सीटों पर जीत की ओर बढ़ रही है।
दिल्ली की 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 62.59 फीसदी मतदान हुआ था। जिसके नतीजे आज आ रहे हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 विधानसभा सीट हासिल की थीं। भाजपा ने तीन सीटें हासिल की थीं। जबकि कांग्रेस के हाथ एक भी सीट नहीं आई थी।












Click it and Unblock the Notifications