Delhi Chunav 2025: वोटिंग से एक दिन पहले आदित्य ठाकरे ने AAP और कांग्रेस अलर्ट क्यों किया?
Delhi Chunav 2025: शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को दिल्ली विधानसभा चुनावों में इंडिया ब्लॉक में अपने सहयोगी आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस को लेकर बहुत ज्यादा चिंता सता रही है। ठाकरे ने दोनों पार्टियों को कुछ सुझाव दिए हैं कि मतदान के दिन या उससे आगे उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
आदित्य ठाकरे ने इंडिया ब्लॉक की ओर से किए जा रहे दावों के मुताबिक ही चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है कि इसने समझौता कर लिया है। इस आशंका के चलते ठाकरे ने कांग्रेस,आप और यहां तक कि निर्दलीय प्रत्याशियों को भी सलाह दी है कि वह वोटिंग के दौरान पूरी तरह से अलर्ट रहें।

Delhi Chunav 2025: चुनाव आयोग पर नजर रखने की आप और कांग्रेस को दी सलाह
दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले मतदान से एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स आदित्य ठाकरे ने लिखा है,'आम आदमी पार्टी,कांग्रेस और सभी निर्दलीय उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे कल वोटिंग के दौरान 'पूरी तरह से समझौतावादी (Entirely Compromised-EC)' यानी चुनाव आयोग पर कड़ी नजर रखें।'
Delhi Chunav 2025: 'फर्जी वोटर और बोगस वोटरों' पर नजर रखने की दी हिदायत
इसके साथ ही ठाकरे ने इन दलों और निर्दलीयों को कई अन्य सलाह भी दिए हैं,मसलन-
- 'फर्जी वोटर और बोगस वोटरों पर नजर रखें, जिसे चुनाव आयोग अपने राजनीतिक आका को करने देता है।'
- 'यदि जरूरत हो तो,अपने राजनीतिक आकाओं को फायदा पहुंचाने के लिए,चुनाव आयोग द्वारा दिखाए जाने वाले अंतिम घंटे के उछाल को लेकर, वास्तविक संख्या को रिकॉर्ड करने के लिए वीडियो कैमरे को अपने पास रखें।'
- 'स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सिर्फ वह है, जो मतदाताओं के रूप में दर्ज अपने नागरिकों का सम्मान करता है और तब वह जो भी चुनते हैं, वह जनादेश है।'
Delhi Chunav 2025: इंडिया ब्लॉक चुनाव आयोग पर लगातार साध रहा है निशाना
दरअसल,विपक्षी इंडिया ब्लॉक की ओर से चुनाव आयोग के बार-बार लिखित स्पष्टीकरण और आंकड़ों के साथ साक्ष्य पेश किए जाने के बावजूद यह आरोप लगाया जा रहा है कि महाराष्ट्र चुनाव में वोटर लिस्ट में कुछ ही महीनों में लाखों वोटर जोड़ दिए गए और अंतिम समय में ज्यादा मतदान दिखाकर सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाया गया।
Delhi Chunav 2025: महाराष्ट्र चुनाव की हार से अभी तक हताश हैं आदित्य ठाकरे?
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को इसी तरह के आरोप सदन में भी लगाए हैं, जिसको लेकर विवाद भी हो रहा है। दरअसल, पिछले साल नवंबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के लाख दावों के बावजूद उनकी करारी हार हुई है और सत्ताधारी गठबंधन ने अप्रत्याशित जीत हासिल की है।
Delhi Chunav 2025: दिल्ली की 70 सीटों पर बुधवार को डाले जाएंगे वोट
दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार (5 फरवरी,2025) को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को नतीजे आएंगे। दिल्ली की 70 सीटों पर कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP), भाजपा (BJP) और कांग्रेस के बीच हो रहा है। इस बार इंडिया ब्लॉक में शामिल होने के बावजूद कांग्रेस और आप एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications