Delhi Blast: 'सुसाइड बॉम्बिंग को 'शहादत' बताना गुनाह,' ओवैसी ने आतंक के खिलाफ सरकार के दावों पर भी उठाए सवाल
Delhi Blast: हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली बम विस्फोट के आरोपी उमर उन-नबी के वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि इस्लाम में आत्महत्या हराम (निषिद्ध) है और निर्दोष लोगों की हत्या एक 'घोर पाप' है। वीडियो में आत्मघाती बम विस्फोट को 'शहादत' के बराबर बताया गया है।
दिल्ली विस्फोटों के आरोपी उमर नबी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह आत्मघाती बम विस्फोट को 'शहादत' बता रहा है और कह रहा है कि इसे 'गलत समझा गया' है।

निर्दोष लोगों की हत्या एक घोर पाप है - ओवैसी
उमर के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि, 'इस्लाम में आत्महत्या हराम है और निर्दोष लोगों की हत्या एक घोर पाप है। ऐसे कृत्य देश के कानून के भी खिलाफ हैं। इन्हें किसी भी तरह से 'गलत नहीं समझा गया' है। यह आतंकवाद है और कुछ नहीं।' एआईएमआईएम सांसद ने दिल्ली विस्फोट से जुड़े आतंकी मॉड्यूल और राष्ट्रीय राजधानी के पास विस्फोटकों की भारी बरामदगी को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा, 'ऑपरेशन सिंदूर और महादेव के दौरान (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह ने संसद को आश्वासन दिया था कि पिछले छह महीनों में कोई भी स्थानीय कश्मीरी आतंकवादी संगठन में शामिल नहीं हुआ है। फिर यह संगठन कहां से आया? इस ग्रुप का पता न लगा पाने के लिए कौन ज़िम्मेदार है?'
प्रधानमंत्री मोदी को इसका जवाब देना चाहिए- ओवैसी
दिल्ली ब्लास्ट पर ओवैसी ने कहा कि, 'सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। दिल्ली में सुरक्षा और पुलिस की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। प्रधानमंत्री मोदी को इसका जवाब देना चाहिए। आत्मघाती बम विस्फोट में शामिल आरोपी का वीडियो 6-7 महीने पुराना है। इसे किसी ने क्यों नहीं देखा?'
उमर ने वीडियो में क्या-क्या बोला?
उमर वीडियो में कहता है कि आत्मघाती बम विस्फोट को 'सबसे गलत समझी जाने वाली अवधारणाओं में से एक' माना जाता है। वह इसे 'शहादत वाला ऑपरेशन' बताता है, जिसे इस्लाम में जाना जाता है, हालांकि वह यह भी मानता है कि इसमें कई विरोधाभास और इसके खिलाफ तर्क दिए गए हैं।
आतंकवाद का नया चेहरा
उमर की धाराप्रवाह अंग्रेजी और विचारों की अभिव्यक्ति को भारत में आतंकवाद का नया चेहरा माना जा रहा है, जोकि शिक्षित, कट्टरपंथी और योजनाबद्ध है। उमर के कट्टरपंथी विचारों पर मुस्लिम समुदाय के भीतर से ही कड़ी आपत्ति और आलोचना सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications