दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए NCP ने 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ने अपने सात उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। जिन सात उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है उसमे आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह का नाम भी शामिल है, जिन्होंने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर एनसीपी का हाथ थाम लिया था। सुरेंद्र सिंह को पार्टी ने दिल्ली कैंट सीट से टिकट दिया है। एनसीपी की ओर से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान प्रेस रीलीज जारी करके किया गया है।

एनसीपी की ओर से जो रीलीज जारी की गई है उसमे लिखा है कि एनसीपी नेतृत्व के आदेश पर सभी उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। प्रदेश के प्र्भारी व राष्ट्रीय महामंत्री प्रफुल्ल पटेल लगातार तमाम राजनीतिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। स्थायी सचिव एसआर कोहली के मार्गदर्शन में इन प्रत्याशियों का चयन किया गया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि कमांडो सुरेंद्र और चौधरी फतेह सिंह ने राष्ट्रीय नेता शरद पवार से प्रभावित होकर अपने दल से इस्तीफा दिया और एनसीपी की सदस्यता ली।
जिन सात उम्मीदवारों को पार्टी ने मैदान में उतारा है उसमे दिल्ली कैंट से कमांडो सुरेंद्र सिंह, गोकुलपुर सीसट से चौधरी फतेह सिंह, बाबरपुर सीट से जाहिद अली, गोण्डा से प्रशांत गौर, छतरपुर से राणा सुजीत सिंह, मुस्तफाबाद से मयुर भान, चांदनी चौक से असिम बेग को टिकट दिया गया है। इन उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करते हुए एसआर कोहली ने मतदाताओं से अपील की है कि वह दूसरे राजनीतिक दलों के भ्रमित करने वाले प्रचार से बचें और एनसीपी के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं। बता दें कि दिल्ली में मतदान 8 फरवरी को होगा, जबकि मतों की गणना 11 फरवरी को की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications