Delhi AQI: ठंड की दस्तक के साथ प्रदूषण बदतर, एयर क्वालिटी खराब, बारिश से मिलेगी सांस लेने में राहत?
Delhi AQI Today: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार देखने को मिला, हालांकि हवा की स्थिति अभी भी 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली में आज औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 288 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में यह 233 रहा। राजधानी के कई इलाकों में आसमान साफ नजर आया और पिछले कुछ दिनों की तुलना में विजिबिलिटी में सुधार देखा गया।
नोएडा में बारिश से धूल कण हुए कम
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हुई हल्की बारिश ने धूल के कणों को नीचे बैठाने में मदद की, जिससे हवा कुछ साफ महसूस हुई। वहीं दिल्ली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हवाएं प्रदूषकों को फैलाने में मदद कर रही हैं।

इससे लोगों को अस्थायी रूप से कुछ राहत मिली है। हालांकि यह सुधार केवल अस्थायी है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की गुणवत्ता अब भी खराब है, इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और सांस की समस्या वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बीते दिन हवा 'रेड जोन' में पहुंची थी
गुरुवार को दिल्ली की हवा 'गंभीर' श्रेणी की ओर बढ़ रही थी। उस दिन औसत एक्यूआई 375 दर्ज हुआ था, जिससे शहर 'रेड जोन' में पहुंच गया था। चारों तरफ धुंध और स्मॉग की मोटी परत छाई हुई थी, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई थी।
कई इलाकों में हालात थे बेहद खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार गुरुवार को पीएम 2.5 का स्तर 184.4 और पीएम 10 का स्तर 301.9 दर्ज किया गया था। दिल्ली के कई इलाकों जैसे विवेक विहार (AQI 426), आनंद विहार (415), अशोक विहार (414), बवाना (411), वज़ीरपुर (419) और सोनिया विहार (406) में हवा 'गंभीर' श्रेणी में थी।
कुल 38 निगरानी केंद्रों में से 37 पर हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' स्तर पर रही थी।
शुक्रवार को आई यह मामूली राहत लोगों के लिए थोड़ी राहतभरी जरूर है, लेकिन प्रदूषण से पूरी तरह निजात पाने के लिए अभी लंबे प्रयासों की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: Aaj ka Mausam: समय से पहले ठंड की दस्तक, टूटा 15 साल का रिकॉर्ड, इन जगहों पर बारिश का अलर्ट












Click it and Unblock the Notifications