क्या दिल्ली की हवा में दिखने लगा है पराली जलने का असर? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि इस हफ्ते में दिल्ली में वायु प्रदूषण का हाल कैसा रहेगा।
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर: मानसून की वापसी और अक्टूबर के महीने की शुरुआत के साथ ही देश की राजधानी दिल्ली में वायु की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। हालांकि मंगलवार को दिल्ली में वायु की गुणवत्ता में सोमवार के मुकाबले मामूली सुधार देखने को मिला और एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 163 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली में एक्यूआई 166 था। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि इस पूरे हफ्ते दिल्ली में हवाएं चलने की वजह से पराली जलने का असर नहीं दिखेगा और वायु की गुणवत्ता मध्यम कैटेगरी में बनी रहेगी।

दिल्ली में फिलहाल हवा की रफ्तार तेज
भारतीय मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया, '6 अक्टूबर से दिल्ली की तरफ चलने वाली हवाओं की दिशा, मानसून की वापसी के मुताबिक, पूर्व से उत्तर-पश्चिम की ओर बदल गई थी। यही वजह है कि अभी तक पराली जलने का असर दिल्ली में नहीं दिख रहा है। इसके अलावा हवा की रफ्तार भी इस समय तेज है, जो प्रदूषकों को फैलाने में मदद कर रही है।'

इस हफ्ते मध्यम कैटेगरी में ही रहेगा AQI
वायु प्रदूषण को लेकर मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने आगे बताया, 'दिल्ली में फिलहाल इस हफ्ते हवा की रफ्तारी ऐसी ही बनी रहने की संभावना है और इस वजह से राजधानी में एक्यूआई भी मध्यम कैटेगरी में ही रहेगा।' गौरतलब है कि सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण का बढ़ना एक बड़ी समस्या है। प्रदूषण से निपटने के उपायों के तहत हाल ही में दिल्ली के क्नॉट प्लेस इलाके में एक स्मॉग टावर भी लगाया गया है।

मौसम शुष्क होने से दिल्ली में बढ़ा पीएम-10 का स्तर
वहीं, वायु की गुणवत्ता और मौसम की निगरानी करने वाली केंद्र सरकार की संस्था 'सफर' ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में अभी भी प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण 'पीएम-10' यानी धूल के कण ही है। आपको बता दें कि 'पीएम-10' प्रदूषण फैलाने वाले वाले वो कण होते हैं, जिनका व्यास 10 माइक्रोमीटर से भी कम होता है। 'सफर' ने बताया कि मौसम बहुत ज्यादा शुष्क होने पर इन धूल के कणों की वजह से पीएम-10 का स्तर बढ़ जाता है, लेकिन दिल्ली में फिलहाल इस हफ्ते तक वायु की गुणवत्ता मध्यम कैटेगरी में ही बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications