देहरादून: आधार कार्ड से हुआ चोरी का खुलासा, एक महीने बाद पकड़ा गया चोर
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में पुलिस ने एक महीने पहले हुई चोरी के एक मामले को अनोखे तरीके से सुलझाने में सफलता हासिल की है। देहरादून पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए एक परचून की दुकान में चोरी करने वाले युवक को धर दबोचा। दरअसल एक महीने पहले एक चोर ने कांवली रोड स्थित आटी चक्की, परचून की दुकान में टिन शेड तोड़कर चोरी की थी। लेकिन इस दौरान उसका पर्स उस दुकान में गिर गया जिसमें उसका आधार कार्ड भी था। जो दुकान के मालिक को मिल गया। जिसकी मदद से चोर पकड़ा गया।

आधार कार्ड से पकड़ा गया चोर
एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक, चोर की शिनाख्त 27 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है, जो कि देहरादून का निवासी है। मामले की जांच करने वाले सब-इंस्पेक्टर लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि, कांवली रोड निवासी अनिल सेठी की आटी चक्की और परचून की दुकान है। जून में दुकान की छत पर लगी टिन तोड़कर चोरी हुई थी। अनिल सेठी ने बुधवार को टिन शेड की सफाई की गई। इस दौरान उन्हें वहां पर्स मिला। पर्स में नीरज पुत्र रामकिशोर निवासी छबील बाग का आधार कार्ड था।

एक महीने बाद धरा गया चोर
अनिल सेठी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस वहां पहुंची, तो वहां नीरज ना मिला। पता लगा कि वह कहीं और रहता है।पुलिस ने इसके बाद नीरज को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह मुखबिर लगाए, जिसके बाद शहर में उसकी लोकेशन पता की जा सकी। इन्हीं इन्पुट्स के आधार पर पुलिस ने फिर छापे मारे और उसे अरेस्ट किया। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में तो वह कैद हो गया, मगर उसका चेहरा फुटेज में साफ नजर नहीं आया। ऐसे में पुलिस को उसे पहचानने में खासा दिक्कत हो रही थी।

पहले भी चोरी को अंजाम दे चुका था चोर
पुलिस की पूछताछ में नीरज ने कबूला कि वह इससे पहले भी चोरियां कर चुका है और 2012 में 65 हजार रुपए के मोबाइल फोन चुराने के मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस ने बताया, एक साल पहले उसके माता-पिता गुजर चुके हैं। उसने माना कि वह अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ये सब करने लगा। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।












Click it and Unblock the Notifications