OROP पर बोलीं निर्मला सीतारमण- लोगों के बहकावे में आने की जरूरत नहीं, सीधा मुझसे पूछिए सवाल
देहरादून। देहरादून पहुंची रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने क्लेमेनटाउन छावनी क्षेत्र में पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इस योजना को 15 करोड़ 60 लाख की स्वीकृति केंद्र से मिली हुई है। इस योजना से क्लेमेनटाउन के सात वार्डों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। मोरोवाला, भारूवाला, गुरुद्वारा कालोनी, सोसायटी एरिया, टर्नर रोड, डकोटा, चांचक, पोस्ट ऑफिस रोड आदि जगहों की 30 हजार आबादी को पेयजल की आपूर्ति होगी। इस मौके पर रिटायर्ड सैनिकों और आम लोगों को संबोधित करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि उत्तराखंड और सेना का रिश्ता ससुराल-मायके जैसा है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि उनका उत्तराखंड से बेहद लगाव है। न सिर्फ उनके मायके बल्कि ससुराल पक्ष की भी चारधाम में गहरी आस्था है। ऐसे में दो साल में एकबार यहां आना होता ही था।

रक्षा मंत्री ने वन रैंक वन पेंशन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पूर्व सैनिकों की इस मांग को सालों तक लटकाए रखा, वे अब इसमें खामियां गिनवा रहे हैं और पूर्व सैनिकों को गुमराह कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोगों के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। अगर मन में किसी भी तरह का संदेह है तो मुझसे जवाब मांगिए। चाहे पत्र लिखकर या चाहे अपने सांसद के माध्यम से सवाल उठाइए। मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार हूं, लेकिन व्हॉट्सएप पर फैलाए जा रहे भ्रम से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि इससे पहले की सरकारों ने कभी वॉर मेमोरियल बनाने की नहीं सोची, क्योंकि उन्होंने कभी सैनिकों को सम्मान देने की नहीं सोची। वॉर मेमोरियल देश के हर शहीद और उसके परिवार के लिए सम्मान का स्थल है। हमारी सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की बेहतरी के लिए प्रमुखता से काम कर रही है। उनके बच्चों के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर चल रहे हैं। पूर्व सीएम निशंक ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है। जब भी कभी देश पर विपदा आई है देवभूमि के जोशीले जवान अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications