पर्रिकर ने कहा, 'नर्क जाने जैसा है पाकिस्तान जाना'
नई दिल्ली: देश के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए पाकिस्तान की तुलना नर्क से की है। सोमवार को एलओसी पर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ करते हुए 5 आतंकवादी मारे गए थे।

मनोहर पर्रिकर ने कहा, 'कल हमारे जवानों ने 5 आतंकियों को वापस भेज दिया। पाकिस्तान में जाना और नर्क में जाना एक ही है।'
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा आतंकवाद को प्रोत्साहित किया है और अब वह खुद अपनी करनी का फल भुगत रहा है।
5 आतंकी ढेर, घुसपैठ की कोशिश नाकाम
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में एलओसी पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखी थी, जिसे लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसके बाद भारतीय सेना ने 5 आतंकियों को मारते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था।
अधिकारी ने बताया कि घुसपैठ करने वाल आतंकियों ने सेना के ठिकानों पर फायरिंग की, जिसका हमारे जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। जवाबी फायरिंग में दो आतंकी मारे गए जबकि तीन को सेना में बाद में ढेर किया।
तीन हफ्ते में मारे गए 12 आतंकवादी
ज्यादा जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि आतंकियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। पिछले तीन सप्ताह में सेना ने 12 आतंकवादियों को मारते हुए घुसपैठ की चौथी कोशिश को नाकाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications