Deepotsav: चेन्नई से लेकर अयोध्या तक, रामलला के आगमन पर भारत ने यूं मनाई 'दिवाली', आतिशबाजी से पटा आकाश
Ayodhya Ram Mandir: भारत के इतिहास के पन्नों में 22 जनवरी की तारीख सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। इस युग में प्रभु राम से 500 वर्षो का वियोग आखिरकार खत्म हुआ। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई और रामलला विराजमान हुए। जिसको लेकर भारत भगवान राम के मंत्रों, पोस्टरों, भगवा झंडों, दीयों और पटाखों के साथ दिवाली जैसे उत्साह में डूबा रहा।
जहां केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राजनेताओं सहित कई लोगों ने अपने घरों पर 'दीपोत्सव' मनाया, वहीं कुछ लोग सड़कों पर भी उतरे और विशेष रोशनी की और पटाखे फोड़े। राम मंदिर अभिषेक समारोह सोमवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य हजारों गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया था। भारत ने मनाई 'दिवाली'...

तमिलनाडु के चेन्नई में कई लोगों ने राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर 'दीपोत्सव' मनाया। लोगों के एक बड़े समूह को सड़क पर दीये जलाते देखा गया। वहीं, गुजरात के अहमदाबाद में स्वामीनारायण गुरुकुल विश्वविद्या प्रतिष्ठानम (एसजीवीपी) गुरुकुल को रोशनी से सजाया गया। पटाखे भी फोड़े गए। चंडीगढ़ का आसमान पटाखों से पट गया।
केरल में, तिरुवनंतपुरम में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में 'राम ज्योति' जलाई गई, जहां कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कुछ बच्चों को भगवान राम के रूप में भी तैयार किया गया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा क्षेत्र में लोगों ने बड़ी संख्या में मिट्टी के दीपक जलाए।
हरिद्वार में हरि की पैड़ी पर विशाल 'दीपोत्सव' जैसा समारोह आयोजित किया गया। राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह के बाद बेंगलुरु के इस्कॉन मंदिर में तेल के दीपक जलाए गए। बिहार में भी भक्तों ने दीये जलाकर 'दीपोत्सव' मनाया। दिल्ली और उसके पड़ोसी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी बड़े पैमाने पर जश्न देखा गया ।
पूर्वोत्तर में भी कई लोगों ने राम मंदिर के अभिषेक का जश्न मनाया। गुवाहाटी के प्रतिष्ठित कामाख्या मंदिर और बसिष्ठ मंदिर में प्रत्येक में एक लाख मिट्टी के दीपक जलाए गए।
पीएम ने अपने आवास में 'राम ज्योति' जलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में राम लला की मूर्ति के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह के बाद अपने आवास पर 'राम ज्योति' (मिट्टी के दीपक) जलाई। मोदी ने नागरिकों से भी ऐसा करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने घरों में राम ज्योति जलाएं और भगवान राम का स्वागत करें। जय सिया राम!
अमित शाह ने भी 'राम ज्योति' जलाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परिवार संग दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। कहा कि आज पूरा भारत श्री रामलला के उनके भव्य मंदिर में आगमन पर हर्षोल्लास से भर गया है। प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर पूरा देश 'राम ज्योति' जलाकर दिवाली मना रहा है। मैंने भी भगवान श्रीराम के आगमन पर अपने परिवार के साथ दीपक जलाये।
कई केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राजनेताओं ने भी राम मंदिर उद्घाटन के उपलक्ष्य में 'दीपोत्सव' मनाया। दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है...भगवान राम आज भव्य मंदिर में विराजमान हुए...आज से एक नए युग की शुरुआत हुई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अयोध्या राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के उपलक्ष्य में दिल्ली में अपने आवास पर 'दीपोत्सव' मनाया।












Click it and Unblock the Notifications