लोकसभा में 8 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर होगी बहस, 10 अगस्त को पीएम देंगे जवाब
मणिपुर हिंसा को लेकर लोकसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 8 अगस्त से 10 अगस्त तक बहस होगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देंगे।
बता दें कि, 26 जुलाई को विपक्षी दलों की ओर से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 50 सांसदों का आवश्यक समर्थन मिलने के बाद अविश्वास प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था।

इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा था कि सभी दलों से चर्चा के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर बहस की तारीख की घोषणा की जाएगी। अब ये नई जानकारी विपक्षी गुट इंडिया के सदस्यों द्वारा हिंसा प्रभावित मणिपुर की जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए दो दिवसीय दौरे के बाद आया है।
मणिपुर पहुंचे विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात की और कई कुकी और मैतेई क्षेत्रों में राहत शिविरों का दौरा किया, हिंसा से प्रभावित थे। 20 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने के बाद से लोकसभा और राज्यसभा दोनों में मणिपुर हिंसा को लेकर लगातार गतिरोध देखा देखने को मिला है।
विपक्षी दल सदन में मणिपुर हिंसा पर पीएम मोदी से बयान देने की लगातार मांग कर रहे हैं। हालाँकि इस अविश्वास प्रस्ताव का संख्या परीक्षण में विफल होना तय है। वहीं विपक्ष तर्क दे रहा है कि, वे मणिपुर मुद्दे पर सरकार को घेरकर और पीएम मोदी को संसद में इस मामले पर बोलने के लिए मजबूर कर विचारधारा की लड़ाई जीतेंगे।
मणिपुर में 3 मई को शुरू हुई झड़पों के बाद से अब तक 160 से अधिक लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं। 2014 के बाद से यह दूसरी बार है जब मोदी सरकार को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ रहा है। लोकसभा में मोदी सरकार के खिलाफ पहला अविश्वास प्रस्ताव 20 जुलाई, 2018 को पेश किया गया था। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने प्रस्ताव के खिलाफ 325 सांसदों के वोट के साथ प्रचंड जीत हासिल की और केवल 126 ने इसका समर्थन किया।












Click it and Unblock the Notifications