दिल्ली: DCW अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को कार से घसीटते हुए सामने आया वीडियो, नशे में धुत था आरोपी
DCW की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के साथ कथित छेड़छाड़ और कार से घसीटे जाने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि कैसे स्वाति मालिवाल का हाथ कार में फंस गया था और वह ड्राइवर उसे घसीट कर ले गया।

DCW Chief Swati Maliwal Dragged Video: दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल से हुई कथित छेड़खानी और कार से 10-15 मीटर तक घसीटे जाने का वीडियो सामने आया है। स्वाति मालीवाल ने कहा था कि बुधवार की सुबह 3.11 मिनट पर दिल्ली में एम्स अस्पताल के गेट नंबर 2 के पास नशे में धुत व्यक्ति ने उनके साथ छेड़छाड़ की और सड़क पर 10-15 मीटर तक घसीटा गया, उस दौरान उनका हाथ कार में फंस गया था। इसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि स्वाति मालिवाल के साथ कथित तौर पर हुई छेड़छाड़ का भी वीडियो सामने आया है।

स्वाति मालिवाल ने पूछा- 'मुझे कहां तक छोड़ोगे...'
वीडियो में स्वाति मालीवाल को ड्राइवर द्वारा लिफ्ट दिए जाने की बात से इनकार करते हुए सुना जा सकता है। स्वाति मालिवाल कहती है, ''माफ करना। मैं आपको सुन नहीं सकती, तुम मुझे कहां छोड़ोगे? मुझे घर जाना है, मेरे रिश्तेदार रास्ते में हैं। आप मुझे कहां छोड़ने की योजना बना रहे हैं।''

आरोपी दूसरी बार नशे में आता है...
वीडियो में देखा जा सकता है कि आकोपी दूसरी बार नशे में आता है। फिर स्वाति मालिवाल उससे कहती हैं, ''तुम दूसरी बार आए हो। मैं बार-बार कह रही हूं कि मुझे आपका ऑफर नहीं चाहिए।'' इसके फौरन बाद ही स्वाति मालीवाल को चिल्लाते हुए सुना जा सकता है क्योंकि उसका हाथ कार की खिड़की में फंस जाता है और ड्राइवर उसे घसीटते हुए दिख रहा है।

स्वाति मालिवाल ने घटना पर क्या-क्या कहा?
गुरुवार (19 जनवरी) को स्वाति मालीवाल ने कहा कि वह कंझावला हिट-एंड-ड्रैग घटना के मद्देनजर अपनी टीम के साथ दिल्ली में महिला सुरक्षा की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए रात में बाहर निकलीं, तो उनके साथ छेड़छाड़ की गई। स्वाति मालिवाल ने कहा, ''कल रात, मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा की स्थिति का निरीक्षण कर रही थी। एक कार वाले ने नशे की हालत में मेरे साथ छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने मेरे हाथ पर खिड़की का शीशा चढ़ा दिया और मुझे घसीट कर ले गया। भगवान ने मेरी जान बचाई। दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं हैं तो स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।''

घटना के वक्त एम्स बस स्टॉप पर खड़ी थीं स्वाति मालिवाल
बाद में डीसीडब्ल्यू ने एक बयान जारी कर कहा कि स्वाति मालीवाल एम्स के सामने रिंग रोड पर एक बस स्टॉप पर खड़ी थीं, जब कार उनके पास आई। ड्राइवर ने खिड़की का शीशा नीचे किया और स्वाति मालिवाल को कार में बैठने के लिए कहा लेकिन उसने मना कर दिया। वह आदमी कुछ देर उसे घूरता रहा और मौके से चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से उसके पास आया। उसने फिर से उसे अपनी कार में बैठने के लिए कहा लेकिन उसने (स्वाति मालिवाल) फिर मना कर दिया। जिसके बाद ड्राइवर स्वाति मालिवाल को देख अश्लील इशारे करना शुरू कर दिया। उसके बाद स्वाति जब उसे फटकारने लगी तो उसके प्रति अश्लील इशारा किया। जब स्वाति ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने खिड़की का शीशा ऊपर कर दिया जिससे मालीवाल का हाथ उसमें फंस गया। फिर उसने एक्सीलरेटर दबा कर उसे कार के साथ कई मीटर तक घसीटा। वह किसी तरह बच निकलने में सफल रही।'












Click it and Unblock the Notifications