एक्सपर्ट कमेटी के बाद DCGI ने दी रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ भारत में रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है।
नई दिल्ली। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ भारत में रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। इससे पहले भारत की विषय विशेषज्ञ समिति ने डॉ. रेड्डी के आवेदन पर स्पूतनिक वी वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दी थी।

Recommended Video
इसी के साथ भारत दुनिया का ऐसा 60वां देश बन गया है जिसने रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन को अपने यहां कोरोना वायरस के उपचार में इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी है।
मालूम हो कि स्पूतनिक वी वैक्सीन को ट्रायल में कोरोना वायरस के खिलाफ 91.6 फीसदी असरकारक माना गया है। इस वैक्सीन को रूस के गमलेया रिसर्च सेंटर ने तैयार किया है और भारत में इस वैक्सीन का ट्रायल हैदारबाद की कंपनी डॉ. रेड्डी लेबोरेटरीज ने किया था।
आपको बता दें कि देश में अब तक कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ने में एस्ट्राजेनेका की कोविशील्ड और भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। अध्ययनों में कोविशील्ड के कोरोना वायरस के खिलाफ 80 फीसदी असरकारी होने व कोवैक्सीन के 81 फीसदी असरकारी होने के प्रमाण मिले हैं जबकि स्पूतनिक वैक्सीन को इन दोनों से ज्यादा कारगर बताया जा रहा है।
फिलहाल इस वैक्सीन के इस्तेमाल को 59 देशों में मंजूरी मिल चुकी है, जिसमें बेलारूस, सर्बिया, बोलिविया, फिलिस्तीन, पैराग्वे, यूएई, अल्जीरिया, अर्जेंटीन, वेनेजुएला जैसे देश शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications