डीआईजी ससुर और पति समेत 7 लोगों के खिलाफ बहू ने लगाए गंभीर आरोप
अहमदाबाद। गुजरात के राजकोट रेंज के डीआईजी डीएन पटेल और उनके परिवार के छह अन्य सदस्यों के खिलाफ मानसिक और शारीरिक शोषण का मामला दर्ज किया गया है। यह केस डीआईजी की बहू की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

सीनियर पुलिस अधिकारी की बहू हीरल पटेल ने वडाली पुलिस स्टेशन में गुरुवार रात मामला दर्ज कराया। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि पति के अवैध संबंधों का खुलासा करने पर ससुरालवालों ने उसका उत्पीड़न किया।
'पति को किसी और के साथ रंगे हाथ पकड़ा'
हीरल का आरोप है कि उसने अपने पति रोहित को 2011 में एक महिला के साथ उनके गांधीनगर स्थित आवास में रंगे हाथ पकड़ा था। उसी साल उन दोनों की शादी हुई थी। हालांकि तब वह शादी टूटने के डर से चुप रही।
'पति ने भाई के साथ मिल घर से निकाला'
हीरल ने कहा कि धीरे-धीरे रोहित के स्वभाव में बदलाव आता गया और वह उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। उसने जब उसके अवैध संबंधों की शिकायत सास-ससुर से की तो उन्होंने भी अपने बेटे का साथ दिया और उसके साथ बुरा बर्ताव करने लगे। 2013 में रोहित और उसके भाई ने उसे घर से निकाल दिया।
'तीन साल से कर रहे थे उत्पीड़न'
हीरल ने बताया कि उसके भाई की शादी डीआईजी की भतीजी से हुई है। भाई की शादी पर कोई आंच न आए इसलिए उसने शिकायत नहीं दर्ज कराई। उसने कहा, 'बीते तीन साल से वो मेरा शोषण कर रहे थे, मेरे खिलाफ फर्जी केस लिखवा रहे थे। 14 सितंबर को मैंने रोहित की दूसरी शादी को लेकर शिकायत की तो सारे लोग मुझे धमकाने लगे।'
वडाली थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर रश्मी देसाई ने बताया कि हीरल की शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आपराधिक साजिश रचने का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications